समाजसेवी एवं भाजपा नेता दर्शन सिंह वर्मा बने दिल्ली प्रदेश भाजपा ओबीसी मोर्चा के उपाध्यक्ष

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश ओबीसी मोर्चा में संगठनात्मक बदलाव करते हुए प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों की नई सूची जारी की गई है। प्रदेश ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष संतोष पाल ने नई नियुक्तियों की घोषणा की है। इसके तहत दर्शन सिंह वर्मा को दिल्ली प्रदेश भाजपा ओबीसी मोर्चा का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
दर्शन सिंह वर्मा इससे पहले नवीन शाहदरा जिले में भाजपा ओबीसी मोर्चा के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके अलावा वह दिल्ली प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उन्होंने अलग-अलग राज्यों और विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के लिए कार्य किया है।
दर्शन सिंह वर्मा के अनुसार, वह मध्य प्रदेश की सीहोर विधानसभा के प्रभारी, हिमाचल प्रदेश की बंजार विधानसभा सीट के प्रभारी, मेरठ दक्षिण विधानसभा सीट के प्रभारी तथा पश्चिम बंगाल के महेशतला विधानसभा क्षेत्र में डायमंड हर्बल जिले के प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इन जिम्मेदारियों के दौरान उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी अभियानों में पार्टी के लिए कार्य किया।
दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा की अनुमति और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ विचार-विमर्श के बाद ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारियों की नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं। पार्टी के अनुसार, संगठनात्मक फेरबदल का उद्देश्य ओबीसी मोर्चा को और अधिक मजबूत करना तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों एवं चुनावों के मद्देनजर ओबीसी समाज की भागीदारी को बढ़ाना है।
उपाध्यक्ष पद पर नियुक्ति के बाद दर्शन सिंह वर्मा ने दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संतोष पाल तथा पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने संगठन को मजबूत करने तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।
जारी सूची के अनुसार, लोकेश नंबरदार, राम नरेश अहिरवाल, श्याम कुमार सैन, महेश अवाना, मनजीत बेनीवाल, हिमांशु यादव और सतीश लोहिया को प्रदेश टीम में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, यादव, आकाश जेलदार और मोहित नागर को मोर्चे में महामंत्री नियुक्त किया गया है।
पार्टी संगठन के अनुसार, नई जिम्मेदारियों के साथ प्रदेश और जिला स्तर पर ओबीसी मोर्चा की गतिविधियों को गति देने तथा कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रिय करने पर जोर रहेगा। नई नियुक्तियों के बाद मोर्चे के पदाधिकारियों से आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा की गई है।




