यूपी पुलिस का अमानवीय चेहरा, बुजुर्ग की लाश उठाकर दूसरी जगह फेंकी, चौकी प्रभारी समेत तीन सस्पेंड

मेरठ/उत्तर प्रदेश। यूपी पुलिस का अमानवीय चेहरा सामने आया है। मेरठ में भीख मांगने वाले बुजुर्ग की मौत के बाद उनकी लाश का तमाशा बना दिया। नौचंदी क्षेत्र में एल-ब्लॉक चौकी के पीछे मिले शव को मोर्चरी भेजने की जगह ई-रिक्शा में लादकर लोहियानगर थाने की सीमा में फेंक दिया और सीमा-विवाद का खेल कर दिया। सीसीटीवी कैमरे से इस हरकत का खुलासा हुआ, जिसके बाद एसएसपी ने एल-ब्लॉक चौकी प्रभारी, एक सिपाही और होमगार्ड को सस्पेंड कर दिया है। एसपी सिटी को जांच दी है और अन्य की भूमिका की जांच की जा रही है।
लोहियानगर थानाक्षेत्र में पीवीएस रोड पर शुक्रवार सुबह एक बुजुर्ग की लाश मिली थी। पहचान नहीं हुई तो पुलिस ने आसपास सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। जांच के दौरान सनसनीखेज खुलासा हुआ। पता चला गुरुवार देररात करीब 1.50 बजे फैंटम पर कुछ पुलिसकर्मी साथ में ई-रिक्शा में लाश लेकर आए थे। इन्हीं पुलिसकर्मियों ने लाश को यहां फेंका था।
वीडियो फुटेज वायरल हुई तो हड़कंप मच गया। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने जांच कराई तो पता चला भीख मांगने वाले की मृत्यु एल-ब्लॉक चौकी के पास हुई थी। पुलिसकर्मियों ने लिखापढ़ी से बचने को सीमा-विवाद का खेल कर दिया। लाश ई-रिक्शा में लादकर सामने लोहियानगर थानाक्षेत्र में फेंक दी। इसके बाद एसएसपी ने एल-ब्लॉक चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार और सिपाही राजेश को सस्पेंड कर दिया। होमगार्ड रोहताश के खिलाफ बर्खास्तगी की रिपोर्ट होमगार्ड कमांडेंट को भेजी गई, जिसके बाद उसे भी सस्पेंड कर दिया गया। जांच एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह को दी गई है।
घटना को लेकर नौचंदी थाना पुलिस और थाना प्रभारी पर सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर पूरे थाने की संलिप्तता को लेकर जांच की मांग की जा रही है। सवाल उठाया गया बिना थाना प्रभारी के ऐसी हरकत करने का प्रयास कोई पुलिसकर्मी नहीं करेगा। ऐसे में इंस्पेक्टर से लेकर अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच की मांग उठाई जाने लगी। एसएसपी ने पूरे थाने की भूमिका की जांच शुरू कराई है। स्पष्ट कहा भी है किसी अन्य की भूमिका सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।
इस शर्मनाक घटना को अंजाम देने के बाद भी दोषी पुलिसकर्मी अपने गुनाह पर पर्दा डाल रहे थे। वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपी पुलिसकर्मियों की पहचान की गई और उन्हें पूछताछ के लिए एसएसपी ने बुलाया। पुलिसकर्मियों ने नई कहानी सुना दी और बताया बुजुर्ग बीमार था और वह अस्पताल लेकर जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में मृत्यु हो गई तो लाश वहीं छोड़ दी। अफसरों ने सवाल किया कि जब मृत्यु रास्ते में हुई तो शव को मोर्चरी या मेडिकल कॉलेज क्यों नहीं ले गए। मुकदमा दर्ज करने तक बात पहुंची तो पुलिसकर्मियों ने सच बताया। कहा लाश एल-ब्लॉक चौकी के पास मिली थी, लिखापढ़ी से बचने के लिए लाश को ई-रिक्शा में लादकर सामने लोहियानगर थानाक्षेत्र में फेंक दिया।
मेरठ एसएसपी डॉ. विपिन ताडा का कहना है कि लोहियानगर क्षेत्र में एक शव शुक्रवार सुबह मिला था। जांच की तो वीडियो फुटेज में कुछ पुलिसकर्मी ई-रिक्शा में लाश लाकर फेंकते हुए दिखाई दिए। एल-ब्लॉक चौकी प्रभारी, सिपाही राजेश और होमगार्ड रोहताश को सस्पेंड किया गया है। होमगार्ड के खिलाफ बर्खास्तगी की रिपोर्ट भेजी है। जांच एसपी सिटी को दी गई है और पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच कराई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button