कैंसर को खत्म करने वाली वैक्सीन तैयार, रूसी वैज्ञानिकों ने किया बड़ा ऐलान

मॉस्को/एजेंसी। रूस के वैज्ञानिकों ने कैंसर वैक्सीन को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि उनका बनाया टीका अब इस्तेमाल के लिए तैयार है। रूस की संघीय मेडिकल एंड बायोलॉजिकल एजेंसी (एफएमबीए) ने घोषणा की है कि रूसी एंटरोमिक्स कैंसर वैक्सीन अब नैदानिक उपयोग के लिए तैयार है। रूसी मीडिया आउटलेट स्पुतिन ने एफएमबीए प्रमुख वेरोनिका स्क्वोर्तसोवा के हवाले से कहा कि एमआरएनए आधारित वैक्सीन ने प्रीक्लिनिकल परीक्षणों में सफलता हासिल की है। पिछले तीन सालों में टीके की सुरक्षा और उच्च प्रभावशीलता का प्रदर्शन हुआ है।
रूसी टीका ट्यूमर के आकार को कम करता है और उनके विकास को धीमा करता है। स्कोर्तसोवार ने बताया कि वैक्सीन ने ट्यूमर को सिकोड़ने और उनकी वृद्धि को धीमा करने में उल्लेखनीय परिणाम दिखाए हैं जो कि 60 से 80% तक है। इसे बार-बार उपयोग के लिए भी सुरक्षित पाया गया है। इसका मतलब है कि टीका इस्तेमाल के लिए तैयार है। उन्होंने यह भी कहा कि वैक्सीन को हर रोगी के लिए उनके व्यक्तिगत आरएनए के अनुसार अनुकूलित किया जाएगा।
स्कोर्तसोवा ने रूसी मीडिया को बताया कि यह शोध कई वर्षों तक चला, जिसमें पिछले तीन वर्ष अनिवार्य प्रीक्लिनिकल स्टडी के लिए समर्पित थे। उन्होंने कहा, ‘टीका अब इस्तेमाल के लिए तैयार है। हम आधिकारिक मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं।’ स्टडी ने टीके के कारण जीवित रहने की दर में वृद्धि का संकेत दिया है। एफएमबीए ने इसी साल गर्मियों में टीके की मंजूरी हासिल करने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय के सामने आवेदन किया था।
एफएमबीए प्रमुख के अनुसार, वैक्सीन के पहले संस्करण का इस्तेमाल कोलोरेक्टल कैंसर के इलाज के लिए किया जाएगा, जबकि ग्लियोब्लास्टोमा (एक मस्तिष्क कैंसर) और मेलेनोमा (स्किन कैंसर) के खास प्रकारों के लिए टीके विकसित करने में आशाजनक प्रगति हुई है। यह वर्तमान में विकास के एडवांस चरण में है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button