फतेहपुर में पटाखा बनाते समय जोरदार विस्फोट, महिला की मौत और पति गंभीर घायल

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र स्थित बारा मील जमराहां गांव में पटाखा बनाते समय विस्फोट हो गया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, उसका पति भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी अपने घर की कोठरी में पटाखे बना रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। विस्फोट में दोनों पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान पत्नी विमला पासवान (47) की मौत हो गई, जबकि पति बीरेंद्र पासवान की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि बीरेंद्र पासवान के पास पटाखा बनाने का लाइसेंस था। फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल कर रही है। इसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।




