त्रिपुरा के युवक पर नस्लीय टिप्पणी करने के आरोप में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आमिर शौकीन गिरफ्तार
त्रिपुरा के एक युवक पर कथित नस्लीय टिप्पणी करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आमिर शौकीन को गिरफ्तार किया है। सदर बाजार थाना पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया था। पुलिस के मुताबिक, तकनीकी निगरानी की मदद से उसे शाहदरा सहित विभिन्न इलाकों में तलाशने के बाद गिरफ्तार किया गया।

नई दिल्ली,एजेंसी। त्रिपुरा के एक युवक के खिलाफ कथित नस्लीय टिप्पणी करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आमिर शौकीन को गिरफ्तार कर लिया। विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए आमिर लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। तकनीकी निगरानी की मदद से उसे शाम को दबोच लिया गया।
यह कार्रवाई सदर बाजार थाना पुलिस ने की। पुलिस के मुताबिक, दोपहर में आमिर की लोकेशन शाहदरा इलाके में मिली थी, लेकिन वह लगातार ठिकाना बदल रहा था। इसके बाद तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश तेज की और शाम को उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, विवादित वीडियो करीब एक महीने पहले बनाया गया था, जो हाल में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
मामले में त्रिपुरा पुलिस की टीम भी दिल्ली पहुंच गई है। आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत त्रिपुरा पुलिस दिल्ली पुलिस से आमिर की हिरासत लेने के लिए सदर बाजार थाने पहुंचेगी। उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेने के लिए अदालत में पेश किए जाने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।
वीडियो वायरल होने के बाद आमिर शौकीन ने माफी मांगते हुए कहा था कि उसने वीडियो को हंसी-मजाक के तौर पर बनाया था और उसका उद्देश्य किसी को आहत करना नहीं था। उसने कहा कि यदि उसकी टिप्पणी से त्रिपुरा के किसी भी व्यक्ति को ठेस पहुंची है तो वह इसके लिए दिल से माफी मांगता है। उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए वीडियो हटाने की बात भी कही थी। आमिर ने यह भी कहा था कि उसने पहले भी बड़ी संख्या में वीडियो बनाए हैं और उसका इरादा किसी समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं रहा है।
इस मामले पर आमिर के बड़े भाई का बयान भी सामने आया था। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि परिवार के संबंध आमिर से अच्छे नहीं हैं और वे उससे बातचीत भी नहीं करते। उनके मुताबिक, आमिर का व्यवहार ठीक नहीं रहा है और वह उनके साथ मारपीट भी कर चुका है।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। विवादित वीडियो की सामग्री, उससे जुड़े तथ्यों और कानूनी पहलुओं की जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।




