दिल्ली में वाहन चोर गिरोह पर पुलिस का बड़ा प्रहार, छह आरोपी गिरफ्तार; 38 दोपहिया वाहन बरामद

दिल्ली पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर 38 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से वाहन चोरी के 41 मामलों का खुलासा हुआ है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

दिल्ली ब्यूरो। दिल्ली पुलिस के उत्तरी जिले की वाहन चोरी निरोधक टीम ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पांच अलग-अलग अभियानों के दौरान 38 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इनमें 21 स्कूटी और 17 मोटरसाइकिल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से दिल्ली के विभिन्न थानों में दर्ज वाहन चोरी के 41 मामलों का खुलासा हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों में चोरी के वाहनों को खरीदने वाले दो कथित खरीदार भी शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। सहायक पुलिस आयुक्त विशेष धत्तरवाल और वाहन चोरी निरोधक दस्ते के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता के पर्यवेक्षण में टीम ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण, तकनीकी निगरानी, गुप्त सूचनाओं और लगातार गश्त के आधार पर कार्रवाई की। जांच के दौरान वजीराबाद, मुस्तफाबाद, इंद्रलोक, सराय रोहिल्ला, जमुना बाजार और यमुना खादर सहित विभिन्न इलाकों से चोरी के वाहन बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई में सराय रोहिल्ला इलाके से कथित वाहन चोर अनस को पकड़ा गया। इसके अलावा चोरी के वाहनों को खरीदने के आरोप में समीर और रहीश को भी गिरफ्तार किया गया। इनकी निशानदेही पर चार चोरी के वाहन बरामद हुए। जांच में अनस की कथित संलिप्तता से जुड़े एक अन्य मामले का भी पता चला।
दूसरी कार्रवाई में वजीराबाद के रामघाट इलाके से चोरी हुई मोटरसाइकिल की तलाश के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली। जांच में वाहन की आवाजाही मुस्तफाबाद की ओर जाती दिखाई दी। स्थानीय सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने समीर पुत्र मुस्ताक अली को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर छह चोरी के वाहन बरामद किए गए। पुलिस ने इस कार्रवाई से जुड़े कुल सात वाहन चोरी के मामलों का खुलासा होने की बात कही है।
तीसरे अभियान में शास्त्री नगर से स्कूटी चोरी की शिकायत की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर सावन उर्फ स्वान उर्फ परवेज आलम को इंद्रलोक-सराय रोहिल्ला इलाके से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, उसकी निशानदेही पर सात चोरी के वाहन बरामद हुए और सात मामलों का खुलासा हुआ।
चौथी कार्रवाई में पुलिस ने वजीराबाद इलाके से मनोज कुमार उर्फ अंशु को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, वह वाहन चोरी के एक मामले में वांछित था। उसकी निशानदेही पर नौ चोरी के वाहन बरामद किए गए। पुलिस ने इस कार्रवाई के बाद कुल दस वाहन चोरी के मामलों का खुलासा होने की जानकारी दी है।
इसके अलावा 19 अक्टूबर को गश्त कर रही टीमों ने कश्मीरी गेट के पास जमुना बाजार से पांच और सिग्नेचर ब्रिज के निकट यमुना खादर से सात चोरी के वाहन बरामद किए। पुलिस के अनुसार, इन बरामदगियों से वाहन चोरी के 12 मामलों का खुलासा हुआ।
पुलिस ने बताया कि छह आरोपियों में चार कथित वाहन चोर और दो चोरी के वाहनों के खरीदार शामिल हैं। कुल 41 मामलों में सराय रोहिल्ला थाने के दस मामले शामिल हैं। इसके अलावा रूप नगर, सीलमपुर और पश्चिम विहार पूर्व थानों के दो-दो मामले तथा दिल्ली के विभिन्न अन्य थानों में दर्ज एक-एक मामले का खुलासा होने का दावा किया गया है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। पुलिस चोरी के शेष वाहनों, उनके पुर्जों और उन्हें खरीदने वाले अन्य लोगों का पता लगाने में भी जुटी है। पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी के नेटवर्क पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button