बिजनौर पुलिस में हाईटेक रिश्वतखोरी, फोन पे से वसूले 3 हजार, पीड़ित ने एसपी को दिए सबूत

बिजनौर/उत्तर प्रदेश। बिजनौर जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। नूरपुर थाना क्षेत्र के गौरक्षधाम चौकी में तैनात एक सिपाही पर ऑनलाइन रिश्वत लेने के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़ित ने इस बाबत एसपी को न केवल लिखित शिकायत दी, बल्कि डिजिटल सबूत भी सौंपे हैं। मामला अब सीओ चांदपुर की जांच में है।
गल्ला खेड़ी गांव निवासी विरेंद्र सिंह के मुताबिक, उसके रिश्तेदारों के बीच विवाद हुआ था। यह मामला नूरपुर की गौरक्षधाम चौकी पहुंचा, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर समझौता कराया। समझौते के बाद सभी को घर भेज दिया गया, लेकिन आरोप है कि सिपाही नीरज चौधरी ने विरेंद्र को चौकी पर रोक लिया।पीड़ित के अनुसार, सिपाही ने फैसला कराने की एवज में दस हजार रुपये की मांग की। जब विरेंद्र ने पैसे देने से मना किया, तो उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई और गाली-गलौज भी की गई। दबाव में आकर उसने अपने मोबाइल से फोन पे के जरिए सिपाही के खाते में तीन हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। विरेंद्र ने इस ऑनलाइन लेन-देन का स्क्रीनशॉट सबूत के तौर पर एसपी को सौंपा है। शिकायत मिलने के बाद एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीओ चांदपुर को सौंपी है।



