
उत्तर प्रदेश डेस्क। संभल जिले के एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव और चंदौसी सीओ की जिम्मेदारी संभाल रहे एएसपी अनुज चौधरी का तबादला हो गया है। बुधवार को शासन की ओर से आदेश जारी किया गया। 24 नवंबर को जामा मस्जिद सर्वे के दौरान चर्चा में आए संभल के तत्कालीन सीओ अनुज चौधरी का पिछले दिनों ही एएसपी के पद पर प्रमोशन हुआ था। एसपी ने चंदौसी सीओ की जिम्मेदारी सौंपी हुई थी। अब उनको शासन ने जिला फिरोजाबाद में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) की जिम्मेदारी दी है। राजेश कुमार श्रीवास्तव सीतापुर में केंद्रीय आयुध भंडार के एएसपी बनाए गए हैं। प्रयागराज कमिश्नरेट के अपर पुलिस उपायुक्त कुलदीप सिंह को संभल एएसपी (उत्तरी) की कमान शासन ने दी है। अनुज चौधरी समेत कई पुलिसकर्मियों पर बवाल के दौरान गोली चलाने का आरोप लगा था, जिसमें पांच लोगों की जान गई थी। लेकिन एसआईटी की छानबीन में स्पष्ट हुआ कि गोली भीड़ से ही शारिक साठा के गुर्गों ने चलाई थी। जिसमें पांच लोगों की जान गई और चार हत्या के मामले दर्ज किए गए थे। पांचवें मृतक के परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के सुपुर्द ए खाक कर दिया था। इस बवाल के बाद काफी चर्चा में रहे थे। संभल कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक के दौरान उन्होंने बयान दिया था कि साल में 52 जुमे आते हैं और होली एक बार मनाई जाती है। इसलिए जिन लोगाें को रंग से परहेज है वह अपने घरों में रहे। इस बयान को लेकर भी राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह से चर्चा हुई थी।
43 एडिशनल एसपी व 13 डिप्टी एसपी के तबादले
आदेश के मुताबिक झांसी के एएसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह को अमेठी, डीजीपी मुख्यालय की स्थापना शाखा में तैनात रंजन सिंह को डीजीपी मुख्यालय में एएसपी क्राइम, बरेली में एएसपी एलआईयू गोपी नाथ सोनी को लखनऊ कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त, एलआईयू अयोध्या में तैनात राम अर्ज को पीटीएस जालौन, सीआईडी मुख्यालय में तैनात विशाल यादव को लॉजिस्टिक मुख्यालय, नोएडा कमिश्नरेट में तैनात मनीष कुमार मिश्रा को मिर्जापुर में नक्सल ऑपरेशन, मुरादाबाद स्थित 9वीं वाहिनी पीएसी में तैनात बंशराज सिंह यादव को सीआईडी मुख्यालय भेजा गया है।
, मेरठ में एएसपी ग्रामीण राकेश कुमार मिश्रा को पुलिस मुख्यालय, आगरा कमिश्नरेट में एएसपी ट्रैफिक अमिता सिंह को यूपी 112 मुख्यालय, साइबर क्राइम मुख्यालय में तैनात श्वेताभ पांडेय को ईओडब्ल्यू मुख्यालय, लखनऊ कमिश्नरेट में तैनात पंकज कुमार सिंह को 20वीं वाहिनी पीएसी आजमगढ़, कासगंज में तैनात राजेश कुमार भारतीय को पीटीसी सीतापुर, भर्ती बोर्ड में तैनात मोनिका चड्ढा को 38वीं वाहिनी पीएसी अलीगढ़, यूपीपीसीएल में तैनात अंकिता सिंंह को भर्ती बोर्ड, सोनभद्र पीएसी में तैनात विजय आनंद को प्रयागराज कमिश्नरेट और प्रयागराज कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त जंग बहादुर यादव को वाराणसी कमिश्नरेट भेजा गया है।
श्यामकांत को बलिया की जगह बस्ती और बृजनंदन राय को बलरामपुर की जगह प्रतापगढ़ में एएसपी बनाकर भेजा गया है। एसटीएफ में तैनात संजीव कुमार दीक्षित को एएसपी बना दिया गया है। फतेहपुर में तैनात कृष्ण गोपाल सिंह को बिजनौर में एएसपी सिटी बनाया गया है। सीतापुर में तैनात दिनेश कुमार शुक्ला को बलिया में एएसपी उत्तरी बनाया गया है। कासगंज में तैनात संतोष कुमार तृतीय को नोएडा में अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है।
पीटीसी सीतापुर में तैनात राजकुमार पांडेय को गोरखपुर में एएसपी ट्रैफिक बनाया गया है। रेलवे झांसी में तैनात सोहराब आलम को केंद्रीय वस्त्र भंडार भेजा गया है। एलआईयू मेरठ में तैनात प्रीति सिंह को झांसी में एएसपी सिटी बनाया गया है। नोएडा कमिश्नरेट में तैनात बाबा साहब वीर कुमार को वाराणसी कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है।