कुंग फू की जन्मस्थली विश्व विख्यात शाओलिन मंदिर प्रमुख पर गंभीर आरोप

कई महिलाओं के साथ संबंधों में बैठी जांच

बीजिंग/एजेंसी। चीन के प्रतिष्ठित शाओलिन मंदिर के प्रमुख शी योंगक्सिन गंभीर आरोपों के घेरे में आ गए हैं। उन पर कई महिलाओं से यौन संबंध बनाने और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मंदिर की ओर से बयान जारी करते हुए इसकी जानकारी दी गई है। मंदिर प्रशासन ने रविवार को कहा कि शाओलिन के मठाधीश शी योंगक्सिन पर गबन, यौन दुराचार और बौद्ध नियमों को तोड़ने के आरोप में आपराधिक जांच चल रही है।
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, चीन के हेनान प्रांत में स्थित मंदिर प्रशासन ने कहा कि शी योंगक्सिन पर प्रोजेक्ट फंड और मंदिर की संपत्ति का दुरुपयोग करने और लंबे समय तक कई महिलाओं के साथ अनुचित संबंध रखने और विवाहेतर संतान पैदा करने का संदेह है। शाओलिन मंदिर चीन ही नहीं बल्कि विश्व के सबसे प्रसिद्ध बौद्ध मठों में शामिल है। इसे बौद्ध धर्म और शाओलिन कुंग फू (मार्शल आर्ट) का जन्मस्थान माना जाता है।
59 साल के शी योंगक्सिन पहली बार विवादों में नहीं आए हैं। वह पहले भी कई तरह के आरोपों से घिरते रहे हैं। पूर्व में भी उन पर फंड के गबन और कदाचार के आरोप लगे थे। हालांकि जांच में उन पर लगे आरोप साबित नहीं हुए और उनको सभी आरोपों से बरी कर दिया। शी चार दशक से ज्यादा समय से मंदिर से जुड़े हैं।
शी योंगक्सिन बहुत कम उम्र में ही साल 1981 में शाओलिन मंदिर में आ गए थे और 1999 से वह इस मंदिर के मठाधीश हैं। शी चीन के बौद्ध संघ के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। वह चीन की शीर्ष कानून बनाने वाली संस्था नेशनल पीपुल्स कांग्रेस के प्रतिनिधि के रूप में भी काम कर चुके हैं। ऐसे में उनको प्रभावशाली लोगों में गिना जाता है।
शाओलिन मंदिर की स्थापना 495 ईस्वी की मानी जाती है। इस मंदिर की पहचान जेन बौद्ध धर्म की जन्मस्थली की होने की लाखों लोगों की आस्था यहां है। हालांकि यह इस मंदिर की प्रसिद्धि की अकेली वजह नहीं है। शाओलिन मंदिर को चीनी कुंग फू मार्शल आर्ट के जन्मस्थान के रूप में भी जाना जाता है। मंदिर मार्शल आर्ट संस्कृति की वजह से इस मंदिर का जिक्र कई फिल्मों में हुआ है। जेट ली की एक फिल्म का नाम ही शाओलिन टेंपल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button