मनाली से हैरान कर देने वाली घटना,पत्नी-बच्ची के साथ गए टूरिस्ट की सरेआम पिटाई

मनाली थाने में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

शिमला/एजेंसी। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध टूरिस्ट स्पॉट मनाली में टूरिस्ट के साथ मारपीट की घटना के बाद एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें वीडियो में मनाली घूमने पहुंचा एक शख्स हाथ जोड़कर कह रहा है कि ये पाकिस्तान से भी बुरा है। यहां घूमने के लिए मत आना। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि स्कूटी हटाने के विवाद में टूरिस्ट फैमिली के साथ वहां मारपीट की गई। इसके बाद टूरिस्ट फैमिली को पुलिस से भी मदद नहीं मिली। तब जाकर युवक ने सोशल मीडिया के लिए एक वीडियो शूट किया, हालांकि इस मामले के तूल पकड़ने पर पुलिस की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। पुलिस ने कहा है कि मनाली आने वाले पर्यटकों के साथ ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार हरियाणा निवासी प्रदीप कुमार परिवार के साथ मनाली घूमने के लिए गए थे। प्रदीप के अनुसार उन्होंने वहां पर किराए की स्कूटी ली थी। जब वह टेलीफोन एक्सचेंज के पास पहुंचे, जहां ट्रैफिक जाम लगा हुआ था। जाम में फंसे कुछ स्थानीय लोगों ने स्कूटी हटाने को कहा। इस पर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि स्थानीय लोगों ने उनके परिवार के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान प्रदीप की पत्नी की गोद से बच्ची गिर गई। घटना के बाद आरोपी एक कार में मौके से फरार हो गए।
हरियाणा के महेंद्रगढ़ के निवासी प्रदीप ने इसके बाद पुलिस को सूचित किया। वीडियो में उन्होंने कहा है कि पुलिस ने कोई कड़ी कार्रवाई नहीं की, हालांकि इस मामले के तूल पकड़ने पर मनाली थाना प्रभारी मुनीश राज शर्मा ने शिकायत पर एफआईआर दर्ज करने की बात कही है। शर्मा के अनुसार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 126(2), 115(2), 352, 351 (2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम को आरोपियों की तलाश में रवाना कर दिया गया है। जम्मू कश्मीर की तरह ही हिमाचल प्रदेश की कमाई में पर्यटन का एक बड़ा हिस्सा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button