गजब! बिहार की जेल में बंद कैदियों ने कमा लिए सवा करोड़

खाते में रुपये ट्रांसफर होते ही खुशी से 'उछले'

भागलपुर/बिहार। भागलपुर के शहीद जुब्बा सहनी केंद्रीय कारा (सेंट्रल जेल) में कैदियों की मेहनत का फल उन्हें आर्थिक रूप में मिला है। जेल प्रशासन ने विभिन्न कार्यों में योगदान देने वाले कैदियों और उनके परिवारों के बैंक खातों में 1.31 करोड़ रुपए से अधिक की राशि स्थानांतरित की है। कैदियों ने जेल में रहकर बागवानी, खाना बनाने और निर्माण जैसे कार्यों में भाग लिया, जिसके बदले उन्हें मेहनताना दिया गया। इस प्रक्रिया में महिला कैदी भी शामिल रहीं, जिन्होंने जेल के भीतर कई काम किए और आर्थिक लाभ अर्जित किया।
जेल अधीक्षक युसुफ रिजवान ने बताया कि इस भुगतान से कैदियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। उन्होंने बताया कि सबसे अधिक राशि पाने वाले कैदियों में मो. अजीज शामिल हैं, जिनके खाते में 30,370 रुपए और उनके परिवार को 14,690 रुपए भेजे गए।
इसी तरह कार्तिक मंडल, मो. सुल्तान, पुलिक यादव और जनक मलिक को 22,316 रुपए मिले, जबकि उनके परिवार के बैंक खातों में 10,878 रुपए जमा किए गए। महिला मंडल कारा की कैदियों को भी उनके काम का मेहनताना दिया गया। खुशबू देवी, तबस्सुम आरा और सहनी खातुन को 18,396 रुपए मिले, जबकि उनके परिवारों को 8,918 रुपए की आर्थिक सहायता दी गई।
जेल अधिकारियों के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2024-25 में कैदियों ने बागवानी, खाना बनाना और निर्माण कार्यों में योगदान दिया, जिसके एवज में यह भुगतान किया गया है। जेल प्रशासन का कहना है कि इस पहल से कैदियों को रोजगार का अनुभव मिलता है और उनकी आजीविका में सुधार होता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button