हवालात से आरोपित को वीडियो काल कराने पर गाजियाबाद एसएसपी की गाज, दो हेड कांस्टेबल व एक सिपाही निलंबित

गाजियाबाद। न्यायालय परिसर की हवालात के दुष्कर्म के आरोपित विशु तोमर को मोबाइल देकर वीडियो काल कराने के मामले में दो हेड कांस्टेबल और एक सिपाही को निलंबित किया गया है। एसएसपी मुनिराज जी ने बताया कि पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल फिरोज मेहंदी व ऋषि कुमार और सिपाही सरफराज अली खान की ड्यूटी 21 अक्टूबर को हवालात की निगरानी में लगाई गई थी।
पेशी से पहले विशु को सिपाही ने अपना मोबाइल दे दिया। विशु ने मोबाइल से इंस्टाग्राम के जरिए दोस्त रौनक को वीडियो काल की थी। इसे विशु ने रिकार्ड कर बैकग्राउंड म्यूजिक लगा वायरल कर दिया था। वीडियो देख दुष्कर्म पीड़ित छात्रा ने जेल प्रशासन को शिकायत दी थी। उसे शक था कि डासना जेल में वीडियो बना है। जांच में वीडियो न्यायालय परिसर का पाया गया।
पुलिस 22 अक्टूबर से इस मामले की जांच कर रही थी, लेकिन सोमवार को वीडियो प्रसारित हो गया, जिसके बाद मंगलवार को ड्यूटी पर तैनात तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। एसएसपी ने बताया कि तीनों पुलिसकर्मियों ने पुलिस विभाग की छवि धूमिल की है। इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के भी आदेश दिए गए हैं।



