फतेहपुर में गैंगस्टर एजाज बाक्सर की 30 अचल संपत्तियां कुर्क

फतेहपुर,(उत्तर प्रदेश)। गैंगस्टर और भूमाफिया एजाज बॉक्सर की 30 संपत्तियों को पुलिस-प्रशासन ने सोमवार को भी कुर्क किया। कुर्की की कार्रवाई देर शाम तक चलती रही। कुर्क की गई संपत्ति की कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है। उनकी पत्नी का मकान पैतृक होने की बात सामने आने पर फिलहाल उस पर कार्रवाई नहीं की गई।गैंगस्टर एक्ट के तहत नगर पालिका चेयरमैन नजाकत खातून के सभासद पुत्र हाजी रजा की एक करोड़ रुपये की कीमत वाली जमीन प्रशासन ने रविवार को कुर्क की थी। साथ ही कांग्रेस नेता शेख एजाज अहमद उर्फ बॉक्सर की संपत्तियों को कुर्क करने की कार्रवाई शुरू की थी।
बॉक्सर की 31 संपत्तियों का लेखाजोखा प्रशासन ने कुर्की के लिए तैयार किया था। शाम होने के कारण कार्रवाई नहीं हो सकी थी।इसके बाद एडीएम एनपी मौर्या, सीओ सिटी डीसी मिश्रा की संयुक्त टीम सोमवार दोपहर एजाज की पत्नी मोहम्मदी के नाम दर्ज मकान पर कार्रवाई को पहुंची। करीब दो घंटे तक टीम अभिलेखों में उलझी रही। उनके तीन मकान पनी मोहल्ले में सामने आए।
कार्रवाई के आदेश में जो मकान दर्ज था वह पैतृक निकला। उसके बाद टीम चौफेरवा, माहपुर, उधन्नापुर, शेखपुर उनवा, बस्तापुर पहुंची। यहां बॉक्सर की करीब 10 करोड़ की संपत्ति कुर्क की गई। एसडीएम ने बताया कि मकान कुर्क की कार्रवाई रोकी गई है। अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति से बनाए मकानों पर कार्रवाई होगी। मकानों की छानबीन की जा रही है।
एजाज बॉक्सर के मकान पर कार्रवाई के लिए भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस को छतों पर ईंट पत्थर और लोगों के इकट्ठा होने की आंशका थी। पुलिस ने ड्रोन कैमरा उड़ाकर पूरे मोहल्ले में निगरानी की। एजाज और आसपास की छतों पर कैमरा चलाया। सबकुछ ठीक-ठाक होने पर कार्रवाई चालू की। हालांकि मकान कुर्क नहीं हो सके।




