तीन महीने से सैलरी नहीं मिलने से परेशान नोएडा की कंपनी में युवक ने की आत्महत्या

नोएडा/उत्तर प्रदेश। नोएडा में एक युवक की आत्महत्या करने की खबर सामने आ रही है। कारण तीन महीने से सैलरी नहीं मिलने पर युवक तनाव में चला गया था और वह बीमार भी था। युवक के पास इलाज कराने तक के पैसे नहीं थे। कंपनी मालिक करीब 90 दिनों से रोज उसे सैलरी के लिए टाल रहा था। बुधवार को भी उसे अपने हक की कमाए हुए पैसे नहीं मिले तो वह हताश हो गया। युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस जांच में जुट गई है। घटना बुधवार रात की बताई जा रही हैं। घटना थाना सेक्टर-58 क्षेत्र के सेक्टर-62 स्थित हैदराबाद बेस रिसर्च लैब का बताया जा रहा है। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, नोएडा के सेक्टर-62 के सी ब्लॉक स्थित टेक्सास बॉय लैब्स प्राइवेट लिमिटेड (Texas BioLabs Pvt. Ltd) में बुधवार रात एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी है। बताया जा रहा है कि मृतक डिंपल कुमार को तीन महीनों से सैलरी नहीं मिली थी, जिसकी वजह से वह तनाव में था। मृतक मूल रूप से अलीगढ़ का रहना वाला था। वह यहां बिशनपुरा गांव में अपने बड़े भाई के साथ किराये के मकान पर रहता था। 24 वर्षीय डिंपल कुमार इस क्लीनिकल लैब में लैब अटेंडेंट की पोस्ट पर कार्यरत था। वह रोज अपनी सैलरी के लिए लैब मालिक से गुजारिश करता था, लेकिन रोजाना की तरह मृतक को टाल दिया जाता था।कंपनी में काम करने वाले एक युवक ने बताया कि यहां 29 स्टाफ है, जो अलग-अलग पोस्ट पर काम कर रहे है। इनकी 3 महीने से सैलरी नहीं मिली है। सभी को रोज देने का वादा कर टहला दिया जाता है।
मृतक ने मरने से पहले एक सुइसाइड नोट भी लिख कर छोड़ा है। इसमें कहा है कि मेरी जिंदगी बर्बाद करने वाली कंपनी टेक्सास बॉय लैब है। इस कंपनी ने 3 महीने सैलरी नही दीं और बीमारी का इलाज कराने लायक भी पैसे नहीं है। जिंदगी में बहुत सारे काम पैसे से होते है और वे कंपनी कुछ भी नहीं दे रही। आज मेरी इस दुनिया को छोड़ने का सबसे बड़ा कारण यही कंपनी टेक्सास बॉय लैब है। मृतक ने आगे अपने छोटे भाई को कहा है कि भाई मेरी वजह से तुम परेशान मत होना। तुम सिर्फ घर वालों की तरफ ध्यान देना है। अपनी पढ़ाई लिखाई पर ध्यान देना है। तुम्हारा फोकस सरकारी नौकरी पर होना चाहिए। तुम्हारे भविष्य में घर वालों का भी भविष्य। आयी यू लव मम्मी, पापा और पूरी फैमिली। लव यू जिंदगी। आखिर में लिखा है कि प्लीज मेरी बॉडी का पोस्टमार्टम न कराए।
गौतबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बुधवार को समय करीब 10 बजे पीआरवी 2372 से सूचना प्राप्त हुई कि सी-46 सेक्टर-62 कंपनी टैक्सास बॉय लैब में मृतक डिंपल कुमार ने सुसाइड कर ली है। 24 वर्षीय युवक ने कंपनी में सैंपल कलेक्शन रूम में तार से फांसी लगा ली हैं।




