आगरा में जिंदा शख्स को मुर्दा बताकर 4 साल से विधवा पेंशन उठा रही महिला, पति ने कराया केस

आगरा,(उत्तर प्रदेश)। आगरा के थाना शमसाबाद में एक महिला ने जीवित पति को मृत दर्शाकर विधवा पेंशन ली। करीब 4 साल से महिला सरकारी विधवा पेंशन वसूल रही थी। जानकारी होने पर उसके पति ने महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थाना शमसाबाद के चितौरा क्षेत्र में रहने वाले विष्णु पुत्र राम गोपाल से सुरक्षा देवी की शादी वर्ष 2004 में हुई थी। विष्णु ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही सुरक्षा देवी उसे झूठे दहेज केस में फंसाने की धमकी देती थी। 8 फरवरी 2016 में सुरक्षा देवी ने महिला थाना आगरा में विष्णु के परिवार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट का केस दर्ज कराया था।
इसके बाद उसने पति और ससुरालीजनों पर थाना शमसाबाद में भी मारपीट का केस दर्ज कराया है। दोनों ही मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं। पति का आरोप है कि सुरक्षा देवी ने अपने भाई और पिता के साथ मिलकर उसका फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया है। इसके बाद वह विधवा पेंशन वसूल रही है।
2018 से विधवा पेंशन का ले रही लाभ
सुरक्षा देवी डौकी के कौलारा कलां की रहने वाली है। विष्णु ने पुलिस को बताया कि जब उसे विधवा पेंशन की जानकारी हुई तो उसने थाने में शिकायत करने के लिए कहा। इस पर सुरक्षा देवी के पिता रामनिवास और उसके भाई नीरज, संदीप ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
विष्णु ने बताया कि सुरक्षा देवी ने अपने पिता और भाइयों के सहयोग ने उसका फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया था। इसके बाद वह विधवा निराश्रित महिला पेंशन के तहत वर्ष 2018 से सरकारी पेंशन का लाभ ले रही है। थाना शमसाबाद प्रभारी अनिल शर्मा ने बताया कि विष्णु की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। मामले की जांच कराई जा रही है।
फर्जी समझौता पत्र बनाकर रचाई दूसरी शादी
ताजगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली नेहा बालियान ने कोर्ट में वाद प्रस्तुत कर बताया है कि उसकी शादी 7 फरवरी वर्ष 2011 में गाजियाबाद के विवेक चौधरी के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही दहेज की मांग करने लगे। विरोध पर उसके साथ मारपीट और तलाक की धमकी दी जाने लगी। इससे क्षुब्ध होकर उसने ससुरालीजनों पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट का केस दर्ज कराया गया। इसके बाद ससुरालीजनों ने उसके पिता के फर्जी हस्ताक्षर कर समझौता पत्र बनाकर विवेक की दूसरी शादी कर दी है। इस संबंध में सीजेएम मृत्युजंय श्रीवास्तव ने पति, सास, ससुर के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य आरोपों में केस दर्ज करने के आदेश दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button