आजमगढ़ में दर्दनाक हादसा, पोखरे में नहाते समय चार मासूम बच्चों की डूबने से मौत

आजमगढ़/उत्तर प्रदेश। जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र के कुशल गांव में तालाब में डूबने से चार मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। मरने वाले सभी बच्चे 10 वर्ष से कम उम्र के हैं। दीदारगंज थाना क्षेत्र के चार बच्चे गांव के पास ही पोखरे में नहाने गए थे। जहां पोखरे में गहराई में उतर गए। मामले की जानकारी मिलते ही परिजन इलाज के लिए हॉस्पिटल खेतासराय जौनपुर ले गए। जहां से चारो बच्चों की स्थिति गंभीर होने पर सदर हॉस्पिटल जौनपुर रेफर कर दिया गया। सदर हॉस्पिटल में डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
कुशलगांव ग्राम निवासी यश (8) पुत्र लौटन कुमार, अंश (8) पुत्र जयचंद कुमार, समर (9) पुत्र कमलेश कुमार और राजकुमार (5) पुत्र कमलेश बुधवार को गेंहू की बाल बीनने के लिए गांव के उत्तर सिवान में गए थे। गर्मी ज्यादा होने पर चारों बच्चे कपड़े उतारकर पास में स्थित पोखरे (तलाब) में नहाने लगे। इसी दौरान चारों मासूम पोखरे में डूब गए। पास में ही मवेशी चरा रहे लोगों ने पोखरे के किनारे बच्चों के कपड़े देखे, लेकिन बच्चे कहीं नजर नहीं आए। आशंका पर सूचना गांव में दी गई।
मौके पर गांव के कुछ लोग बच्चों को खोजने के लिए पोखरे में उतर गए। कुछ ही देर में चारों बच्चे पोखरे से बरामद कर लिए गए। वहीं इस मामले में जिले के एसपी ग्रामीण चिराग जैन का कहना है कि मामले की जानकारी मिलने पर दीदारगंज थाने की पुलिस जौनपुर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन बच्चों का कल पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।




