अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, 20 हथियार समेत 32 कारतूस बरामद, दो तस्कर पकड़े, संचालक फरार

धौलपुर/राजस्थान। जिले की मनिया थाना पुलिस, एजीटीएफ एवं सीआईडी की टीम ने शनिवार रात्रि को संयुक्त बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर दो तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों हथियार तस्करों के कब्जे से 20 अवैध हथियार समेत 32 कारतूस बरामद किए हैं। फैक्ट्री संचालक मौके से फरार हो चुका है।
मनिया थाना प्रभारी देवेश कुमार ने बताया लोकसभा चुनाव को निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए आईजी भरतपुर रेंज राहुल प्रकाश एवं धौलपुर पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरडा के निर्देश में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया शनिवार रात्रि को एजीटीएफ एवं सीआईडी टीम को जरिए मुखबिर गुप्त सूचना मिली कि थाना इलाके के मांगरोल गांव स्थित एक ढाबा पर दो हथियार तस्कर अवैध हथियार खरीद कर ला रहे हैं। मुखबिर की सूचना पर विशेष पुलिस टीम का गठन कर मौके पर भेजा गया। पुलिस टीम ने मांगरोल गांव स्थित ढाबे पर पहुंचकर घेराबंदी कर हथियार तस्कर 50 वर्षीय इंद्रलाल पुत्र हरविलास निवासी भगतपुरा जौरा मध्य प्रदेश एवं 38 वर्षीय नरेंद्र सिंह पुत्र कोक सिंह निवासी हेमराज का अड्डा जिला भरतपुर को घेराबंदी कर दबोच लिया।
दोनों हथियार तस्करों के कब्जे से 20 अवैध हथियार के साथ 32 कारतूस बरामद किए गए हैं। बरामद किए गए हथियारों में 315 एवं 312 बोर के अवैध देसी कट्टा व पौना है। दोनों हथियार तस्कर प्लास्टिक के बोरों में हथियारों को भरकर तस्करी के लिए ले जा रहे थे। थाना प्रभारी देवेश कुमार ने बताया पूछताछ करने पर हथियार तस्करों ने डोंडी का पुरा गांव में नारायण सिंह पुत्र बाबूलाल के खेतों में बन रही झोपड़ी के अंदर हथियार फैक्ट्री संचालित होना बताया था।
दोनों तस्करों की निशानदेई पर पुलिस टीम डोंड का पुरा गांव रवाना की गई। लेकिन पुलिस की भनक लगते ही हथियार तस्कर नारायण सिंह खेतों में कूद कर फरार हो गया। पुलिस ने हथियार बनाने की फैक्ट्री से भारी तादाद में कट्टर, फनर, ड्रिल मशीन, वेल्डिंग मशीन, पेचकस, प्लास, ट्रिगर आदि हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस ने गिरफ्तार शुदा हथियार तस्कर इंद्रलाल एवं नरेंद्र सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। दोनों हथियार तस्करों से पुलिस पूछताछ कर रही है। अनुसंधान में हथियार तस्करी के बड़े मामले खुल सकते हैं। वहीं फैक्ट्री संचालक नारायण सिंह के संभावित ठिकानों पर पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। थाना प्रभारी ने बताया फैक्ट्री संचालक को भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।




