बिजली के घटिया उपकरण सप्लाई करने वाली नोएडा की 10 कंपनियां ब्लैकलिस्ट

नोएडा। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड ने घटिया बिजली उपकरणों की आपूर्ति समेत अन्य नियमों का उल्लंघन करने पर 101 कंपनियों को ब्लैकलिस्ट किया है। इनमें 10 कंपनियां नोएडा की हैं। गाजियाबाद, बुलंदशहर और मेरठ की एक-एक कंपनी शामिल हैं। नोएडा की मेसर्स कनिष्का माउंडर प्राइवेट लिमिटेड को सिंगल फेस पावर सप्लाई के लिए पाली कार्बोनेट का मीटर कप बोर्ड बनाने का काम मिला था। इसकी आपूर्ति समय से करने में यह कंपनी फेल रही। साथ ही इस कंपनी को आठ हजार से ज्यादा एमसीबी का टेंडर मिला, लेकिन आधी की ही आपूर्ति समय से कर सकी। नोएडा के सेक्टर 77 में मौजूद मेसर्स प्लेनीट रिटेल को बिजली संसाधनों से जुड़े कुछ उपकरणों की आपूर्ति का ठेका मिला था, लेकिन यह कंपनी आपूर्ति करने में फेल रही।
ग्रेनो की कैपिटेल ऊर्जाटेक लिमिटेड को केबल्स आपूर्ति का ठेका मिला था, इसकी तरफ से सप्लाई की गई केबल्स मानक के अनुसार नहीं थी। नोएडा के सेक्टर 7 स्थित मेसर्स रैकमेन इंडस्ट्री को एक करोड़ मीटर केबल्स की आपूर्ति का काम मिला था। निविदा शर्तों के उल्लंघन के मामले में इसको भी काली सूची में डाला गया है। ईटीए इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड को भी निविदा शर्तों के उल्लंघन के मामलों में ब्लैकलिस्ट किया गया है। पीएमई साल्यूशंस इंडिया लिमिटेड को निविदा शर्तों के उल्लंघन के साथ समय से बिजली उपकरणों की आपूर्ति न करने पर ब्लैकलिस्ट किया गया है।

इसी तरह अन्य कंपनियों पर कार्रवाई की गई है। नोएडा के मुख्य अभियंता राजीव मोहन का कहना है कि बिजली विभाग उपभोक्ताओं से बिजली मूल्य लेने के साथ आपूर्ति बेहतर देने के साथ उपकरणों के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं करता है। यूपीपीसीएल जिन उपकरणों को खरीदता है, उनकी गुणवत्ता खराब होने पर कंपनियों पर कार्रवाई भी करता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button