सीरियल ब्लास्ट मामले में टाडा कोर्ट ने अब्दुल करीम ‘टुंडा’ को किया बरी

हापुड़/उत्तर प्रदेश। देश भर में हैंडलूम नगरी को दाग लगाने वाले अब्दुल करीम उर्फ टुंडा को टाडा कोर्ट ने बेशक बरी कर दिया हो, लेकिन उस पर लगे आरोपों ने हैंडलूम नगरी का नाम देश भर में बदनाम कर दिया था। अब्दुल करीम कोतवाली पिलखुवा का हिस्ट्रीशीटर भी रह चुका है। वर्ष 1993 को सिलसिलेवार बम धमाकों के आरोपित अब्दुल करीम को राजस्थान के अजमेर की टाडा कोर्ट ने गुरुवार को बरी कर दिया है।
पिलखुवा में हुई थी परवरिश
हालांकि, कोतवाली पिलखुवा में उस पर कुल 13 मुकदमे दर्ज हुए थे और वह कोतवाली पिलखुवा का 9 बी का हिस्ट्रीशीटर रहा है। स्वजनों से मिली जानकारी के अनुसार, अब्दुल करीम उर्फ टुंडा का जन्म तो वैसे दिल्ली में हुआ था, लेकिन उसकी परवरिश पिलखुवा के मोहल्ला अशोकनगर में हुई। स्वजनों के अनुसार, पहले वह पिलखुवा में ही बढ़ई का कार्य करता था, लेकिन बाद में वह गुजरात के अहमदाबाद चला गया और वहां पर बढ़ई का कार्य करने लगा।
1956 में दर्ज हुआ था पहला मुकदमा
बाद में उसका नाम वर्ष 1993 में पांच शहरों में सिलसिलेवार हुए बम धमाकों में आया था। जिसके बाद गुप्तचर एजेंसियों व पुलिस ने उसके मकान पर कई बार छापेमारी भी की। फिलहाल टाड़ा कोर्ट ने उसे गवाहों के अभाव में बरी कर दिया है। अब्दुल करीम पर पहला मुकदमा कम उम्र में वर्ष 1956 में कोतवाली पिलखुवा में चेारी का मुकदमा दर्ज हुआ, जबकि 1994 में उसके खिलाफ विस्फोटक एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था।
कोतवाली पिलखुवा में उसके खिलाफ नौ मुकदमे दर्ज हुए। इसी वर्ष उसके खिलाफ राजस्थान के अजमेर में टांडा के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। टुंडा अशोकनगर स्थित जिस मकान में रहता था, उस पर लगे आरोपों के बाद वह जेल जाने के बाद उसका साडू महमूद आलम परिवार सहित रहने लगा था। अब्दुल करीम पर इसी से ट्रेनिंग देने और लश्कर ए तैयबा के लिए काम करने के भी आरोप है।
2013 में टुंडा की हुई थी गिरफ्तारी
टुंडा को वर्ष 2013 में सीबीआई ने बम धमाकों को लेकर नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार किया। टुंडा पर बम धमाके करने के साथ-साथ युवाओं को आतंकी ट्रेनिंग देने का भी आरोप लगा है। साल 2000 से 2005 तक कई बार ऐसी खबरें आई जिसमें उसके मारे जाने की बात कही गई। हालांकि, 2005 में अब्दुल रजाक मसूद के पकड़े जाने के बाद ये खुलासा हुआ कि टुंडा जिंदा है।
अब्दुल करीम का नाम टुंडा कैसे पड़ा, इसके लिए अलग-अलग बाते सामने आई, एक ओर जहां उसके स्वजनों के अनुसार, बढ़ई का काम करने वाले अब्दुल करीम का हाथ काम के दौरान तेज धारदार किसी औजार से कट गया था। वही, यह भी अंदेशा लगाया जाता है कि बम बनाने के दौरान हुए ब्लास्ट में उसका हाथ उड़ गया था। तब से उसे अब्दुल करीम उर्फ टुंडा कहा जाने लगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button