गर्लफ्रेंड से शादी करना चाहता था कॉन्‍स्‍टेबल, पिता ने रोका तो कर दी हत्या

बागपत,(उत्तर प्रदेश)। प्रेम प्रसंग में पड़े उत्‍तर प्रदेश के एक कॉन्‍स्‍टेबल ने अपने पिता की हत्‍या कर दी। दरअसल पिता ने बेटे को उसकी प्रेमिका से शादी करने से मना कर दिया था। इस बात पर दोनों के बीच हाथापाई हुई, जिसके बाद बेटे ने डंडा उठाकर पिता पर हमला कर दिया। हमले में पिता सुदेशपाल की मौत हो गई। इसके बाद बेटे ने पिता का शव बोरे में बंद कर गन्ने के खेत में छुपा दिया था।

छपरौली पुलिस स्‍टेशन के इंस्‍पेक्‍टर नितिन पांडेय ने बताया कि आरोपी गौरव कुमार उन्‍नाव में तैनात है। उसने अपना अपराध कबूल कर लिया है। उसकी मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। बागपत के शबका गांव निवासी सुदेशपाल की पत्‍नी ने छपरौली थाने पर अपने पति सुदेशपाल के गायब होने की सूचना दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश की तो 18 अक्टूबर को उनका शव गन्ने के खेत में मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा कर जांच शुरू की तो एक आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी कोई और नहीं सुदेशपाल का ही बड़ा पु़त्र गौरव था। पुलिस ने गौरव से पूछताछ की तो हत्या का राज खुल गया। गौरव ने ही अपने पिता की हत्या को अंजाम दिया था।

छपरौली कोतवाली प्रभारी नितिन पांडे ने बताया कि 16 अक्टूबर को गौरव अपना पेपर देकर घर आया था। उसके साथ उसकी प्रेमिका भी थी। गौरव ने अपनी शादी की बात कही तो पिता ने इनकार कर दिया। सुबह जब उसके पिता टहलने के लिए जाने लगे तो शादी की बात को लेकर दोनो में विवाद हो गया। इसके बाद गौरव ने एक डंडा उठाकर अपने पिता के सिर पर हमला कर दिया, जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या का किसी को पता न चले इसलिए अपने पिता के शव को बोरे में भरकर गन्ने के खेत में ले जाकर डाल दिया। ग्रामीणों ने बताया कि परिवार में भी सब कुछ ठीक नहीं चल रहा था, जिससे वे दुखी थे। इसके साथ ही बेटे द्धारा गैर बिरादरी की लड़की से शादी करने की इच्छा ने उसको परेशान कर दिया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button