अभिजीत दीपके ने 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस में तिरंगा लहराने का किया आह्वान, समर्थकों से जुटने की अपील
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दिल्ली में एक नए आंदोलन की घोषणा की है।

नई दिल्ली,एजेंसी। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके दिल्ली पहुंच गए हैं। उनके दिल्ली पहुंचने के साथ ही पार्टी ने आंदोलन की अगली तारीख का ऐलान कर दिया है। दीपके ने 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में तिरंगा लहराने का आह्वान करते हुए समर्थकों और देशभर के लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की है। उन्होंने सामाजिक माध्यम पर पोस्ट साझा कर कार्यक्रम का समय शाम पांच बजे निर्धारित किया है।
अभिजीत दीपके ने अपने संदेश में लिखा, “लहरा दो तिरंगा, 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में शाम पांच बजे।” इसके साथ ही उन्होंने एक वीडियो जारी कर लोगों से तिरंगे के साथ कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की। यह आह्वान ऐसे समय किया गया है, जब पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास और आशुतोष रांका को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान तिरंगा लहराने के मामले में नहीं, बल्कि पुलिस के अनुसार प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश और अन्य आरोपों के तहत दर्ज मामले में गिरफ्तार किए जाने के बाद जेल भेजा गया है।
वीडियो संदेश में दीपके ने कहा कि सौरव और आशुतोष को तिरंगा लहराने के लिए जेल में डाला गया है। उन्होंने देशभक्तों और तिरंगे से प्रेम करने वाले लोगों से 16 अक्टूबर को शाम पांच बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में पहुंचने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वहां तिरंगा लहराकर यह संदेश दिया जाएगा कि राष्ट्रीय ध्वज फहराना कोई अपराध नहीं है।
दीपके ने उन लोगों से भी अपने-अपने शहरों में तिरंगा मार्च निकालने की अपील की, जो दिल्ली नहीं पहुंच सकते। उन्होंने अपने संदेश में तिरंगे को देश का गौरव बताते हुए कहा कि लोगों को यह बताना चाहिए कि राष्ट्रीय ध्वज उनके लिए गर्व और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रम के बाद उन्हें जेल जाना पड़े, तब भी वह तिरंगा लहराने के अपने संकल्प से पीछे नहीं हटेंगे।
कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से किए गए इस आह्वान के बाद 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस में प्रस्तावित कार्यक्रम पर नजरें रहेंगी। कार्यक्रम के आयोजन और उसमें संभावित भागीदारी को लेकर आगे की स्थिति स्पष्ट होनी बाकी है।




