ग्रेजुएशन कराने से मां-बाप ने किया इनकार तो थाने पहुंची गई लड़की

बागपत/उत्तर प्रदेश। यूपी के बागपत जिले में एक लड़की को उच्‍च शिक्षा दिलाने से इनकार करने पर मां-बाप को थाने में बैठना पड़ गया। लड़की ग्रेजुएट होना चाहती थी पर मां-बाप तैयार नहीं थे। लड़की ने इसकी शिकायत थाने पर कर दी तो पुलिस ने अभिभावकों को थाने तलब कर लिया। महिला शक्ति की टीम ने काफी देर तक मां-बाप से बातचीत की और लड़की को पढ़ाने के लिए राजी कर लिया।
यह मामला खेकड़ा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। यहां रहने वाली छात्रा ने इंटर की पढ़ाई पूरी कर ली। वह आगे अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए मां-बाप से कह रही थी पर वे तैयार नहीं थे। लड़की के काफी मनाने के बाद भी जब मां-बाप नहीं माने तो लड़की ने इसकी शिकायत खेकड़ा कोतवाली पर कर दी। इसके बाद यहां की मिशन शक्ति टीम एक्टिवेट मोड में आ गई। शिकायत मिलते ही महिला शक्ति की टीम ने मां-बाप को थाने तलब कर लिया और शिक्षा के अधिकार को लेकर उनसे बातचीत की।
खेकड़ा थाने पहुंची लड़की का आरोप था कि उसके माता-पिता ने उसकी पढ़ाई बंद करा दी है। उससे घर का काम कर रहे हैं लेकिन वह पढ़ना चाहती है। बिना बताए थाने पहुंची लड़की ने घर जाने से भी इनकार कर दिया। महिला शक्ति टीम ने मां-बाप को समझाकर उसकी पढ़ाई के लिए राजी करा लिया। लड़की के माता पिता ने उसकी पढ़ाई कराने का भरोसा दिलाया और लड़की को घर लेकर चले गए।
एसपी बागपत सूरज कुमार राय का कहना है महिला शक्ति टीम को महिलाओं की समस्या समाधान के लिए ही एक्टिवेट किया गया है। खेकड़ा थाने की महिला शक्ति टीम ने छात्रा को उसके शिक्षा के अधिकार दिलाने में मदद की है ऐसे ही प्रयास महिला सशक्तिकरण को आगे बढ़ाएंगे। पुलिस का मकसद है आम नागरिकों में पुलिस पर भरोसा बढ़े और थाने से ही पीड़ितों को न्याय भी मिले।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button