दिल्ली में रिश्वत लेते एएसआई गिरफ्तार, एसएचओ लाइन हाजिर
ASI arrested taking bribe in Delhi, SHO sent to line
![]()
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की विजिलेंस यूनिट ने मॉडल टाउन में रहने वाले एक सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर से दो लाख रुपये रिश्वत लेते मॉडल टाउन थाने में तैनात एएसआई सुदेश कुमार यादव को गिरफ्तार किया। शिकायतकर्ता सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर पहले उत्तर-पश्चिम जिले में ही स्पेशल स्टाफ के प्रभारी रह चुके हैं। अपने घर का मरम्मत कार्य कराने पर उनके बीट में तैनात एएसआई ने आठ लाख रिश्वत की मांग की थी। जिले के आला अधिकारी तक बात पहुंचने पर रिश्वत की रकम घटाकर आधी यानी चार लाख कर दी गई थी। उसकी पहली किश्त दो लाख देने से पहले सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर ने विजिलेंस यूनिट में शिकायत कर दी थी।
घटना के बाद मॉडल टाउन थाने के एसएचओ पवन मीणा को लाइन हाजिर कर दिया है। डीसीपी विजिलेंस का कहना है कि भ्रष्ट पुलिसकर्मियों के खिलाफ जीरो टालरेंस की नीति को जारी रखते हुए मॉडल टाउन थाने के एएसआई सुदेश कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया।
शिकायत में सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर ने आरोप लगाया था कि आवासीय परिसर में मरम्मत कार्य करने की अनुमति के बदले एएसआई रिश्वत मांग रहा था। रिश्वत देने के लिए तैयार न होने पर एएसआई ने जब काम रुकवा दिया था, तब शिकायतकर्ता ने एसएचओ से भी मुलाकात कर गुहार लगाई थी, तब एसएचओ ने उन्हें एएसआई से ही मिलने के लिए कहा था। 14 अप्रैल को एएसआई ने शिकायतकर्ता को रिश्वत के साथ बुलाया था। शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत के साथ एक पैन ड्राइव भी उपलब्ध कराई, जिसमें बताया गया है कि रिश्वत की मांग के संबंध में मॉडल टाउन के विभिन्न पुलिस अधिकारियों के साथ उसकी बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग है।
विजिलेंस यूनिट ने साक्ष्य मिलते ही तुरंत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। शाम करीब 6.30 बजे एएसआई सुदेश ने शिकायतकर्ता को थाने की पहली मंजिल पर स्थित अपने कमरे में बुलाकर जैसे ही रिश्वत की रकम प्राप्त की, विजिलेंस की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश करने के बाद एएसआई को रिमांड पर लिया गया है। दिल्ली पुलिस की विजिलेंस यूनिट पिछले साल जनवरी से इस साल 15 अप्रैल तक 14 पुलिसकर्मियों को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर चुकी है।




