मेरठ में आर्मी क्षेत्र में खड़े टैंक से चोरी, पुलिस ने 9 महिलाओं को रंगे हाथ पकड़ा

मेरठ/उत्तर प्रदेश। मेरठ में आरवीसी आर्मी क्षेत्र में खड़े टैंक के प्रेशर पाइप चोरी कर रही 9 तमिल महिलाओं को आर्मी जवानों ने महिला पुलिस की मदद पकड़ा है। पकड़ी गई महिलाओ के पास से टैंक के कीमती पार्ट्स बरामद हुए हैं। आरोपी महिलाओं से हुई तो सभी तमिल भाषा में बोलने लगी। ऐसे में आर्मी से तमिल निवासी जवानों ने आरोपियों से पूछताछ की। पूछताछ के बाद पांच महिलाओं को जेल भेज दिया गया। वहीं चार प्रेगनेंट महिलाओं को थाने से ही छोड़ दिया गया।
मेरठ के थाना लाल कुर्ती क्षेत्र में आरवीसी ट्रेनिंग सेंटर के गेट के सामने आर्मी का टैंक रखा हुआ हैं। ये वो टैंक होते हैं, जिनका कार्यकाल पूरा हो जाता है। इसके बाद इन टैंकों को कैंट क्षेत्र की शोभा बढ़ाने के लिए आर्मी अपने क्षेत्र खड़ा कर देती हैं। रविवार की देर रात आर्मी के जवान गश्त कर रहे थे। तभी उन्होंने देखा की काफी संख्या में संदिग्ध महिला टैंक के पास खड़ी है और कुछ महिला टैंक के अंदर से पार्ट्स निकाल कर बाहर फेक रही हैं। इन्हें बाहर खड़ी महिला एक बड़े प्लास्टिक के बोर में भर रही थी।
क्यूआरटी टीम ने कमांड हाउस को दी सूचना
आर्मी क्षेत्र में गश्त कर रही क्यूआरटी जवानों ने इन महिलाओं को घेर कर अपने कमांड हाउस और स्थानीय पुलिस को सूचना देकर बुलाया। पूछताछ में आरोपी सभी महिलाएं तमिल भाषा में बोलने लगीं। आरोपी महिलाओं के पास से टैंक से चोरी हुए 13 प्रेशर पाइप, एक इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स भी बरामद किया गया। पकड़ी गई आरोपी महिलाएं काफी समय से आर्मी क्षेत्र में चोरी की घटना को अंजाम दे रही थी।
हथियार बनाने में उपयोग
आरोपी महिलाएं क्रॉस कंट्री के पास देखी गई थीं, जिनकी फोटो आर्मी के जवानों के पास है। आर्मी टीम ने महिलाओं को रंगे हाथ चोरी करते हुए पकड़ लिया। आर्मी के जवानों ने महिलाओं के पास से टैंक के पार्ट्स काटने वाले औजार भी बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि टैंक का लोहा बेहद मजबूत होता है। इस लोहे का उपयोग हथियार बनाने में भी किया जा सकता है।
कूड़ा बीनने का करती हैं काम
थाना प्रभारी लालकुर्ती इंदु वर्मा ने बताया कि 9 महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पांच को जेल भेज दिया गया है। इसमें चार प्रेग्नेंट थीं, उनकी डिलीवरी कभी भी हो सकती है, इसलिए उन्हें थाने से ही छोड़ दिया गया। आरोपी महिला रोहटा रोड पर फाजलपुर के पास की रहने वाली थीं। कूड़ा बीनने का काम करती हैं। महिला कहां रहती हैं और कैसे आर्मी एरिया में पहुंची, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। हालांकि महिलाओं से पूछताछ करने पर पता चला है कि वे आसपास के एरिया में कूड़ा बीनने का काम करती हैं।
आर्मी ने बढ़ाई अपने क्षेत्र की सुरक्षा
टैंक से पार्ट्स चोरी के बाद सब एरिया कमांड हाउस ने आर्मी क्षेत्र की सुरक्षा और सख्त कर दी है। आर्मी में आने वाले अंजान लोगों से अब पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं कूड़ा बीनने वाले और काबड़ियों के कैंट क्षेत्र में प्रवेश पर रोक लगा दी है। आर्मी क्षेत्र में इस तरह की चोरी से बड़ा खतरा खड़ा हो गया है।




