झांसी जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर हुआ शिफ्ट, कार में आए बदमाशों ने जेलर पर किया जानलेवा हमला
The history-sheeter lodged in Jhansi jail was shifted, the miscreants who came in a car made a deadly attack on the jailor

झांसी/उत्तर प्रदेश। जिला कारागार के जेलर पर शनिवार दोपहर कार सवार लोगों ने इलाहाबाद बैंक के पास लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जेलर को बुरी तरह जख्मी कर आरोपी मौके से भाग निकले। पुलिस ने आरोपियों की धर पकड़ के लिए जिले के बॉर्डर की नाकेबंदी कर दी है। जेल में बंद अभियुक्त कमलेश यादव के बेटे पर हमले का आरोप है। जेलर को जख्मी हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।बताया जा रहा है कि कस्तूरी लाल गुप्ता झांसी जेल में जेलर के पद पर नियुक्त हैं। उन्हें ट्रेनिंग के लिए हैदराबाद जाना था। वे ट्रेन पकड़ने के लिए ऑटो से स्टेशन जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में कार सवार कुछ लोगों ने इन्हें घेरा और लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे इनको चोट आई है। इनके हाथ में फ्रैक्चर है। इनका जिला अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।
तहरीर लेकर उचित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। पूछताछ में पता चला है कि कमलेश यादव नाम का अभियुक्त कुछ दिन पहले जेल में बंद था। इसके लड़कों ने जेलर पर हमला किया है। पुलिस का कहना है कि जल्द से जल्द गिरफ्तारी कर कार्रवाई की जाएगी।
एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि हमलावर कुल चार लोग थे, जिनके हाथों में लाठी-डंडा था। जिस गाड़ी से हमलावर आये थे, वह गाड़ी वैगन आर है, उसकी जल्दी पहचान करेंगे और जिन लोगों ने हमला किया है, उनकी भी जल्द शिनाख्त करेंगे।
पूछताछ में अभी पता चला है कि कमलेश यादव के लड़के इस घटना में शामिल हैं। कमलेश यादव अपराधी है, जिस पर करीब 32 मुकदमे दर्ज हैं। अभी झांसी जेल में बंद था। कुछ दिन पहले जेल शिफ्ट किया गया है। जिस समय घटना हुई, एक सिपाही भी जेलर के साथ था लेकिन उसे कोई चोट नहीं है।



