वाराणसी के घाट पर घायल पड़ी थी, विदेशी टूरिस्ट को आई दया, अब प्लेन में बैठकर नीदरलैंड जाएगी स्ट्रीट डॉग जया

वाराणसी/उत्तर प्रदेश। आजकल सड़क पर घूमने वाले कुत्ते खबरों में हैं। प्रदेश भर में कहीं न कहीं से उनके इंसानों को काटने की खबरें आती रहती हैं। लेकिन वाराणसी की एक स्ट्रीट डॉग जया एकदम अलग वजह से चर्चा में है। वह वाराणसी के मुंशी घाट से नीदरलैंड के लिए उड़ान भरने वाली है। हाल ही में बनारस के मुंशी घाट पर घूमने वाले एक फीमेल स्ट्रीट डॉग पर नीदरलैंड की टूरिस्ट मिरल का स्नेह कुछ ऐसा उमड़ा कि वह उसे अपने साथ लेकर नीदरलैंड ले जा रही है। मिरल ने जया का पासपोर्ट बनवा दिया है। अब 31 अक्टूबर को दिल्ली से दोनों की फ्लाइट है।
बनारस में इससे पूर्व में भी एक स्ट्रीट डॉग मोती को एक विदेशी अपने साथ लेकर विदेश जा चुका है। डॉग लवर्स के लिए इस तरह की खबर एक सुखद अहसास है।
घाट पर जया पड़ी थी घायल, देख कर पसीज गया मिरल का दिल
इसी साल अप्रैल में वाराणसी आईं नीदरलैंड की मिरल मुंशी घाट पर घूम रही थीं। वहां पर कुछ आवारा कुत्ते एक फीमेल स्ट्रीट डॉग को बुरी तरह से नोच रहे थे। इस दौरान उसे काफी चोट लग चुकी थी। मिरल ने किसी तरह उसे उन आवारा कुत्तों के झुंड से बचाया और एक स्वयं सेवी संस्था को फोन करके उसे इलाज करने के लिए आग्रह किया। इलाज से उसकी हालत में सुधार हुआ। इस बीच मिरल को उससे इतना लगाव हो गया कि उसका नाम जया रख दिया। जया के प्रति मिरल का स्नेह कुछ इस तरह उमड़ा की मिरल ने जया को अपने साथ नीदरलैंड ले जाने की ठान ली।
कागज़ी कार्यवाही पूरी होने के बाद जया जाएगी विदेश
स्वयंसेवी संस्था के इलाज के बाद जब जया पूरी तरफ से ठीक हो गई तो मिरल ने कागजी कार्रवाई करनी शुरू की। जया के पासपोर्ट से लेकर मेडिकल एग्जामिनेशन करने के बाद मिरल ने गुरुवार को दिल्ली के लिए फ्लाइट पकड़ी। 31 अक्टूबर को मिरल जया को अपने साथ लेकर नीदरलैंड रवाना हो जाएगी। जया भी मिरल का साथ पाकर बहुत खुश है।




