50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से लूट का खुलासा, सीलमपुर पुलिस ने ई-रिक्शा चालक को दबोचा

सीलमपुर पुलिस ने ई-रिक्शा में सवारी बनाकर लूटपाट करने के आरोपी फरमान को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान की। उसके कब्जे से लूटे गए पांच हजार रुपये में से चार हजार रुपये और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा बरामद किया गया।

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड

उत्तर-पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में ई-रिक्शा में सवारी बनाकर लूटपाट करने की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीड़ित से लूटे गए पांच हजार रुपये में से चार हजार रुपये बरामद किए हैं। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल किया गया ग्रे रंग का ई-रिक्शा भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस का दावा है कि 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, भुगतान संबंधी रिकॉर्ड और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई गई।

पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को मोहम्मद शहंशाह ई-रिक्शा में सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान जब वह जीटी रोड स्थित गुरुद्वारे के पास टी-प्वाइंट, सीलमपुर पहुंचे, तो ई-रिक्शा चालक ने कथित तौर पर उन्हें धमकाकर पांच हजार रुपये नकद और करीब डेढ़ तोले की चांदी की चेन लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ई-रिक्शा लेकर मौके से फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर थाना सीलमपुर में एफआईआर संख्या 419/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की जांच के लिए एसीपी सीलमपुर सुशील कुमार की निगरानी में थाना प्रभारी निरीक्षक राम मनोहर मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। इसमें उपनिरीक्षक सुधांशु, उपनिरीक्षक सतपाल, हेड कांस्टेबल नवनीश और हेड कांस्टेबल मनीष को शामिल किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। इसके साथ ही भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की गई।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित द्वारा बताए गए हुलिये और कैमरों में दिखाई दिए ई-रिक्शा के आधार पर ग्रे रंग के फाइटर कंपनी के देवरथ मॉडल के वाहन की पहचान की गई। इस ई-रिक्शा के नंबर के अंतिम चार अंक 0328 सामने आए। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम वाहन के मूल मालिक से जुड़े प्रतिष्ठान तक पहुंची। वहां उपलब्ध भुगतान रिकॉर्ड की पड़ताल के दौरान पता चला कि संदिग्ध ने प्रतिष्ठान पर 50 रुपये का भुगतान किया था। पुलिस ने इसी सुराग के आधार पर संदिग्ध की पहचान फरमान के रूप में की और ई-रिक्शा का पूरा पंजीकरण नंबर DL-5ERB-0328 पता लगाया।

इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, उसकी पहचान फरमान पुत्र गुलजार के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लूटे गए पांच हजार रुपये में से चार हजार रुपये बरामद किए गए। साथ ही वारदात में इस्तेमाल किया गया ग्रे रंग का ई-रिक्शा भी बरामद कर जब्त कर लिया गया।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान फरमान ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस रिकॉर्ड की जांच में उसके खिलाफ पूर्व में किसी अन्य आपराधिक मामले में संलिप्तता नहीं मिली है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की जांच में सीसीटीवी फुटेज और भुगतान रिकॉर्ड अहम सुराग साबित हुए, जिनकी मदद से कथित लूट की वारदात में आरोपी तक पहुंच बनाई जा सकी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button