सोनिया विहार के ढाई पुस्ता छठ घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, रेखा गुप्ता और मनोज तिवारी ने की पूजा-अर्चना
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोनिया विहार के ढाई पुस्ता छठ घाट पर हजारों व्रतियों के साथ डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि अगले तीन साल में यमुना का कायाकल्प किया जाएगा।

पूर्वी दिल्ली। सोनिया विहार के ढाई पुस्ता स्थित छठ घाट पर शनिवार को छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हजारों व्रतियों ने यमुना तट पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। घाट पर पूरे दिन धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी अपनी पत्नी सुरभि तिवारी के साथ घाट पहुंचे। उन्होंने व्रतियों के साथ पूजा-अर्चना की और छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री और सांसद ने नाव से यमुना के विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार अगले तीन वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यमुना के कायाकल्प के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार सनातन संस्कृति और लोकपर्वों के आयोजन के प्रति प्रतिबद्ध है। वहीं सांसद मनोज तिवारी ने यमुना को पुनर्जीवित करने के लिए चलाए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने घाट पर सफाई, रोशनी, पानी और सुरक्षा की व्यवस्थाओं की सराहना की।
दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने भी घाट पहुंचकर छठ व्रतियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी सरकार पर यमुना की सफाई के नाम पर भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया। घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस तथा सिविल डिफेंस के जवान तैनात रहे। रविवार सुबह होने वाले उगते सूर्य को अर्घ्य देने के अनुष्ठान के लिए भी तैयारियां पूरी कर ली गईं।



