क्रिसमस के दिन गोवा में हादसा, समुद्र में यात्रियों से भरी नाव पलटी

एक की मौत, 20 लोग बचाए गए

पणजी/एजेंसी। गोवा के कलंगुट समुद्र तट पर एक हादसे की खबर आई है। यहां पर अरब सागर में एक पर्यटक नाव पलट गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है और 20 लोगों को बचा लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने इस हादसे की जानकारी देते हुए कहा कि यह घटना दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई। इस घटना को लेकर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “जिस नाव में वे यात्रा कर रहे थे, उसके पलट जाने से 54 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई और 20 अन्य को बचा लिया गया तथा उन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।” उन्होंने बताया कि दो यात्रियों को छोड़कर बाकी सभी ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी। उन्होंने बताया कि यात्रियों में छह साल के बच्चे और महिलाएं शामिल थीं।
सरकार द्वारा नियुक्त जीवन रक्षक एजेंसी दृष्टि मरीन के प्रवक्ता ने बताया कि नाव तटरेखा से करीब 60 मीटर दूर पलट गई, जिसके परिणामस्वरूप सभी यात्री समुद्र के पानी में गिर गए। उन्होंने बताया कि नाव में सवार यात्रियों में महाराष्ट्र के खेड़ का 13 सदस्यों वाला एक परिवार भी शामिल था। जीवन रक्षक एजेंसी दृष्टि मरीन के प्रवक्ता ने आगे कहा कि घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं, जो लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे उनको एम्बुलेंस की मदद से चिकित्सा सुविधा के लिए ले जाया गया। घायलों में दो बच्चे, जिनकी उम्र छह और सात वर्ष थी,दो महिलाएं, जिनकी उम्र 25 और 55 वर्ष थी को अस्पताल में भेजा उपचार के लिए भेजा गया है। आगे उन्होंने बताया कि नाव पर सवार दो लोगों ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी।
गौरतलब है कि गोवा एक लोकप्रिय प्रयटक स्थल है। विशेषकर क्रिसमस और नए साल के जश्न के दौरान यहां पर हजारों की संख्या में पर्यटकों की भीड़ एकत्र होती है। आपको जानना चाहिए कि ये घटना उस समय हुई है, जब ठीक एक हफ्ते पहले ही मुंबई में 100 से अधिक यात्रियों को लेकर जार रही एक नाव नौसेना की एक तेज रफ्तार नाव से टकरा गई। इस हादसे में 15 लोगों की मौत हुई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button