नूंह हिंसा में 30 से ज्यादा गाड़ियां फूंकी, मंदिर में फंसी महिलाएं, जिले में धारा 144 लागू, इंटरनेट बैन

नूंह,(हरियाणा)। नूंह में विश्व हिंदू परिषद की ओर से निकाली गई भगवा यात्रा के दौरान पथराव और फायरिंग की घटना के बाद तनाव फैल गया है। नूंह हिंसा में एक होमगार्ड की मौत हो गई है जबकि दो पुलिस अधिकारी घायल हो गए हैं। पुलिस लगातार मामले को शांत कराने में लगी हुई है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। साथ ही इंटरनेट सेवा भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। वहीं नूंह में हुए घटनाक्रम का असर पूरे प्रदेश में देखने को मिल रहा है। सोहना बाईपास में बवाल छिड़ गया है। दो समुदाय के लोगों के बीच जमकर पथराव हुआ। इसके अलावा बहादुरगढ़ में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने सेक्टर 9 मोड़ पर जाम लगाने का प्रयास किया।
नूंह हिंसा की आग गुरुग्राम तक पहुंच गई है। गुरुग्राम में भी धारा 144 लागू कर दी गई है। गुरुग्राम के जिलाधीश एवं डीसी निशांत कुमार यादव ने गुरुग्राम में कानून के बेहतर अनुपालन कराए जाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 144 लागू की है। सोमवार शाम जिलाधीश की ओर से निर्देश जारी किए गए। जारी आदेशों में आगामी आदेशों तक जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 144 लागू करते हुए आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने जनता से अपील की है। सभी पक्षकारों से मुख्यमंत्री ने शांति की अपील की। उन्होंने कहा कि बातचीत और संवाद से सभी विषय हल हो सकते हैं। हरियाणा एक हरियाणवी एक के सिद्धांत पर चलकर प्रदेश और समाज के हित में सभी नागरिक योगदान दें।
नूंह के डिप्टी कमिश्नर दोनों पक्षों से रात साढ़े 8 बजे बैठक करेंगे। इलाके में पुलिस बल तैनात है। हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने कहा, ‘वहां पर्याप्त संख्या में बल तैनात किया जा रहा है। हमने केंद्र से भी बात की है. हम वहां शांति बहाल करने की कोशिश कर रहे हैं। मेवात क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में फंसे सभी लोगों को बचाया जा रहा है।’
नूंह से कांग्रेस विधायक चौधरी आफताब अहमद ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘हम लोगों से अपील कर रहे हैं कि स्थिति को सामान्य बनाएं और सहयोग करें। स्थिति दुर्भाग्यपूर्ण है, यह पूरी तरह प्रशासनिक और पुलिस फेल्योर है। हम यहीं अपील करेंगे कि किसी षडयंत्र के शिकार न हों। अफवाहों के शिकार न हों।
गुरुग्राम खेड़की दौला थाना का होमगार्ड जवान नूंह दंगे में शहीद हो गया है जबकि दो अधिकारी घायल हो हुए हैं। गुरुग्राम के एक इंस्पेक्टर को पेट में गोली लगी और डीएसपी होडल सज्जन सिंह को सिर में गंभीर चोट लगी है।
भगवा यात्रा पर पथराव से नूंह में भड़की आग गुड़गांव के सोहना तक पहुंच गई है। सोहना के अंबेडकर चौक पर उपद्रवियों ने पथराव किया। पुलिस के कई वाहन क्षतिग्रस्त किए। एहतियात के तौर पर दिल्ली-जयपुर हाईवे के राजीव चौक पर फोर्स तैनात की गई है। गुड़गांव से करीब 1 हजार पुलिसकर्मी नूंह भेजे गए हैं।
नूंह में हुए घटनाक्रम से प्रदेश भर में स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। बहादुरगढ़ में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने सेक्टर 9 मोड़ पर जाम लगाने का प्रयास किया। पुलिस के समझाने पर कार्यकर्ता वहां से हट गए। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने हरियाणा सरकार को ढीली सरकार बताया। नूंह में सेना भेजने की मांग की गई। कार्यकर्ता बोले कि बीजेपी सरकार में केवल मोदी और योगी ही ठीक काम कर रहे हैं। अन्य प्रदेशों की सरकारें सख्त रवैया नहीं अपना रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button