इटावा एआरटीओ ने एसपी से मांगी सुरक्षा, अवैध ट्रक जब्ती के बाद से किया जा रहा परेशान
इटावा एआरटीओ हुमा परवीन ने एसपी से सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने खुद की जान को खतरा बताया है। 5 अगस्त को अवैध ट्रक पर एक्शन के बाद कार्रवाई की बात कही है।

इटावा/उत्तर प्रदेश। इटावा में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) प्रवर्तन हुमा परवीन ने अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है। उन्होंने एसपी को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि पांच अगस्त को एक अवैध और ओवरलोड ट्रक के खिलाफ कार्रवाई करने के बाद से कुछ लोग लगातार उनके वाहन का पीछा कर रहे हैं। उन्होंने इस संबंध में एक वीडियो भी जारी किया है।
एआरटीओ के अनुसार, पांच अगस्त को जांच के दौरान उन्हें बिना नंबर प्लेट का एक ट्रक मिला, जिसे उन्होंने फर्जी वाहन होने की आशंका जताई। ट्रक ओवरलोड भी था। कार्रवाई करते हुए ट्रक को सीज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। इसी दौरान कुछ लोग उनकी गाड़ी का पीछा करने लगे। हुमा परवीन का आरोप है कि उनकी गाड़ी को जबरन रोकने का प्रयास किया गया और ट्रक सीज नहीं करने के लिए धमकी दी गई।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद से एक व्यक्ति लगातार उनका पीछा कर रहा है। कभी कार तो कभी स्कूटी से उनका पीछा किया जाता है और उनकी लोकेशन भी सार्वजनिक की जाती है। एआरटीओ ने दावा किया कि सुनसान स्थान पर उनकी गाड़ी रोककर उन्हें धमकाने की कोशिश की गई। उनके पास घटना से संबंधित वीडियो भी मौजूद होने की बात कही गई है। शिकायत में एक यूट्यूबर का भी जिक्र किया गया है।
हुमा परवीन ने सीओ सिटी को भी घटना की जानकारी दी है और एसएसपी से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि वर्तमान में उनके साथ केवल एक सिपाही रहता है। ऐसे में सुनसान स्थान पर वाहन रुकवाकर उनके या साथ मौजूद पुलिसकर्मी के साथ कोई अप्रिय घटना होने की आशंका है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एआरटीओ ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा वाहनों को पास कराने का काम किए जाने की जानकारी मिली है। उनके अनुसार, मौरम और गिट्टी से लदे ट्रकों को निकलवाने के लिए कथित तौर पर प्रति ट्रक करीब एक हजार रुपये लिए जाने की बात सामने आई है। उन्होंने इस पूरे मामले में किसी गिरोह के सक्रिय होने की आशंका जताते हुए पुलिस से इसकी भी जांच कराने का अनुरोध किया है।




