हरिद्वार में हर की पैड़ी पर शेख के लिबास में घूमने वाले दोनों युवकों पर बड़ा खुलासा

हरिद्वार/उत्तराखंड। हरिद्वार में गंगा के मुख्य स्नान घाट हर की पौड़ी पर मंगलवार को शेख के लिबास (कंदूरा) में दो युवकों के घूमने का वीडियो वायरल होने के बाद जांच में जुटी पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने दोनों को ढूढ़ निकाला है। वे हरिद्वार निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि नवीन कुमार और प्रिंस (दोनों की उम्र 22 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उन्होंने कबूल किया कि वे अपने यूट्यूब चैनल के लिए वीडियो बनाने हर की पौड़ी गए थे, ताकि उन्हें अधिक लाइक और कमेंट मिल सकें।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों युवकों ने उनके इस कृत्य से लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए माफी मांगी। पुलिस ने भविष्य में इस तरह के वीडियो नहीं बनाने की हिदायत देते हुए चालान करने के बाद छोड़ दिया। पुलिस ने यह भी कहा कि आधी-अधूरी वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों की भी पहचान की जा रही है। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले, हरिद्वार कुंभ मेला क्षेत्र में स्थित सभी गंगा घाटों पर गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की मांग के बीच हर की पौड़ी के मालवीय घाट और उसके आसपास कंदूरा पहनकर युवकों के घूमने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। तीर्थ पुरोहितों ने बताया कि कंदूरा पहने घूम रहे युवकों को रोककर जब उनसे सवाल किए गए। उन्होंने अपना नाम दुबई निवासी हबीबुल्ला और हबीबी बताया।
पुराहितों के अधिक पूछताछ पर उन्होंने खुद को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बताते हुए यूट्यूब के लिए वीडियो बनाने की बात कही। पुरोहितों के वहां से जाने को कहे जाने पर युवकों ने यह कहकर विरोध जताया कि वे हिंदुस्तान में कहीं भी घूम सकते हैं। इसके बाद युवक पुरोहितों के साथ बहस करने लगे।
तीर्थ पुरोहितों ने मामले की सूचना गंगा सभा को दी। गंगा सभा ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। हालांकि, गंगा सभा के पदाधिकारियों और पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही युवक वहां से निकल गए थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button