मोदीनगर तहसील पर दुष्कर्म पीड़िता ने किया आत्मदाह का प्रयास
केस दर्ज होने के बाद भी खुलेआम घूम रहे आरोपित

मोदीनगर/गाजियाबाद। दुष्कर्म के मामले में मोदीनगर पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए महिला ने शुक्रवार को पेट्रोल डालकर तहसील में आत्मदाह की कोशिश की। तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के हाथ से लाइटर छीन लिया। आनन-फानन में महिला को सीएचसी मोदीनगर ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
महिला के कदम से साफ है कि पुलिस दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराध में भी लापरवाही बरत रही है। गोविंदपुरी की एक कालोनी की महिला के मुताबिक, एक आरोपित ने कुछ महीने पहले शादी का झांसा देकर उनके साथ दुष्कर्म किया था। दो साल तक शारीरिक उत्पीड़न के बाद आरोपित ने बात करनी बंद कर दी। महिला जब उनसे पास गई तो आरोपित ने उन्हें बुरी तरह पीट दिया। जिससे महिला के हाथ में फे्रक्चर भी आ गया।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने डेढ़ महीने पहले दुष्कर्म व मारपीट का केस दर्ज किया। लेकिन आरोपित की गिरफ्तारी नहीं की गई। पुलिस हर बार नया बहाना बनकार महिला को टकराती रही। महिला ने चौकी प्रभारी पर आरोपित से सांठगांठ का आरोप लगाया। तीन दिन पहले पुलिस को चेतावनी दी यदि 48 घंटे में आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह आत्मदाह कर लेगी।
पुलिस ने कार्रवाई पूरी करने के लिए बृहस्पतिवार को आरोपित का महज शांतिभंग की धारा में चालान कर दिया। महिला का कहना है कि पुलिस ने डेढ महीने तक लापरवाही की, इसके बाद आरोपित का चालान भी शांतिभंग की धारा में किया। जबकि दुष्कर्म की धाराओं में चालान होना था। पुलिस कार्यशैली से परेशान आकर महिला शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे मोदीनगर तहसील पहुंची और पेट्रोल डाल दिया। पुलिस पहले से ही तहसील में मौजूद थी। आनन-फानन में महिला से लाइटर छीना और सीएचसी भर्ती कराया। एसीपी का कहना है कि महिला की हालत सही है। आरोपित को पुलिस बृहस्पतिवार को ही जेल भेज चुकी है।




