नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर 16 साल के लड़के की हत्या,2 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में गुरुवार को एक किशोर की चाकू मारकर हत्या का मामला सामने आया था। दिल्ली पुलिस  ने इस मामले को 24 घंटों में ही सुलझाकर 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक किशोर का नाम मोहम्मद आलम है, जिसकी उम्र 16 साल है।  पुलिस की जांच में पता चला है कि आलम एक लड़की से प्यार करता था।

कुछ दिनों पहले ही उस लड़की का यमीन नामक लड़के पर दिल आ गया था। लड़की और यमीन के बीच नजदीकियां बढ़ गई थी। दोनों के बीच बढ़ती नजदीकियों से आलम  खफा हो गया था। आलम ने लड़की और यमीन को परेशान करना शुरू कर दिया। तंग आकर यमीन ने आलम की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। इस हत्याकांड में लड़की के भाई साहिल ने भी यमीन का साथ दिया था। 
मोहम्मद आलम और लड़की एक ही इमारत में रहते थे। दोनों के बीच अच्छी दोस्ती थी। नवंबर 2022 में आलम नोएडा में चोरी के एक मामले में शामिल पाया गया था। उसे बाल सुधार गृह भेजा दिया गया, जहां वह 5 मार्च 2023 तक रहा। जब आलम बाल सुधार गृह से बाहर आया तो उसने पाया कि लड़की अब उससे प्यार नहीं करती थी। वह यमीन नामक एक लड़के के करीब आ गई थी। इसके बाद आलम गुस्से में आ गया और यमीन और लड़की को धमकी देने लगा। 

पिछले कई दिनों से यमीन और साहिल (लड़की का भाई) आलम को जान से मारने की योजना बना रहे थे। 18.04.2023 को लगभग 09:46 बजे यमीन ने आलम को बाहर टहलने के लिए बुलाया। साहिल भी यमीन के साथ मौजूद था। इसी दौरान मौका पाकर दोनों ने मोहम्मद आलम पर हमला कर दिया। साहिल ने उसे पकड़ लिया, जबकि यमीन ने चाकू से उस पर हमला किया। युवक के सिर, गर्दन और सीने में गहरी चोट आई। गंभीर रूप से घायल होने के कारण वे मौके से फरार हो गए। आलम की मौत हो गई। इस मामले का पर्दाफाश पुलिस ने 24 घंटे में ही कर दिया। पुलिस ने साहिल और यमीन को गिरफ्तार कर लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button