मिर्जापुर में मालिक की जान बचाने के लिए कोबरा सांप से भिड़ गया पालतू कुत्ता

मिर्जापुर/उत्तर प्रदेश। मिर्जापुर जिले में इंसान और जानवर के रिश्ते की एक अद्भुत मिसाल देखने को मिली है। जिले के बबुरा गांव में एक पालतू जर्मन शेफर्ड डॉग (कुत्ते) ‘बादल’ ने अपने मालिक राणा सिंह और उनके परिवार की जान बचाने के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी। कोबरा सांप से हुई यह भीषण जंग पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
मिजापुर जिले के छानबे ब्लॉक के बबुरा गांव निवासी राणा सिंह के घर सोमवार दोपहर अचानक एक कोबरा सांप घुस आया। उस समय परिवार के सदस्य घर के अंदर थे, जबकि बाहर गेट पर उनके दो कुत्ते जर्मन शेफर्ड ‘बादल’ और ग्रेट डेन ‘ग्रेज’ पहरा दे रहे थे। जैसे ही दोनों कुत्तों ने कोबरा को देखा, वे तुरंत उस पर झपट पड़े और उसे घर के अंदर जाने से रोक लिया।
सांप और बादल के बीच जबरदस्त संघर्ष शुरू हो गया। कोबरा ने बादल को तीन बार काटा, लेकिन उसने हार नहीं मानी। गंभीर रूप से जख्मी होने के बावजूद बादल तब तक लड़ता रहा, जब तक उसने कोबरा को मार नहीं दिया। कुछ ही देर बाद, जहर के असर से वह खुद भी जमीन पर गिर पड़ा और दम तोड़ दिया।
बादल की मौत से राणा सिंह का परिवार गमगीन हो गया। परिवार के सदस्यों ने बताया कि बादल पहले भी कई बार घर में घुसे जहरीले जीवों से उन्हें बचा चुका था। पालतू डॉग की बहादुरी और वफादारी को देखते हुए राणा सिंह ने बादल का पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया। ‘बादल’ की इस वीरता ने पूरे मिर्जापुर में लोगों को भावुक कर दिया है। गांववाले उसके बलिदान को सलाम कर रहे हैं। वफादारी और साहस की यह कहानी अब मिर्जापुर में मिसाल बन गई है।




