गाजियाबाद के खोड़ा में चाय बनाते समय फटा सिलेंडर,चार लोग झुलसे

गाजियाबाद,(उत्तर प्रदेश)। गाजियाबाद के थाना खोड़ा क्षेत्र की वंदना एन्क्लेव बिहारी कॉलोनी में अचानक उस वक्त अफरातफरी का माहौल हो गया, जब एक मकान में जोरदार धमाका हुआ। धमाके के साथ ही आग लग गई, जिसके बाद दूर-दूर तक के लोग सहम गए। धमाके की आवाज सुनकर लोग मौके पर दौड़े तो पता चला कि चाय बनाने के लिए गैस जलाई गई और पूरे घर में आग लग गई। इस दौरान गैस का सिलेंडर भी फट गया। घर में मौजूद 4 लोग पूरी तरह से झुलस गए। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया और आनन-फानन में दमकल विभाग की टीम को सूचना दी गई। सूचना के आधार पर दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार, थाना खोड़ा क्षेत्र अंतर्गत आने वाली वंदना एन्क्लेव बिहारी कॉलोनी में स्थित एक मकान में धनंजय सिंह परिवार के साथ रहते हैं। बुधवार सुबह पत्नी चाय बनाने के लिए रसोई पहुंची और गैस ऑन की तो अचानक आग लग गई, क्योंकि गैस का सिलेंडर पहले से ही लीक था। आग लगते ही गैस का सिलेंडर फट गया। गनीमत रही कि जैसे ही जोरदार धमाका हुआ तो आसपास के लोग मौके पर दौड़े और चारों को घर से बाहर निकाला,लेकिन उसके बावजूद भी धनंजय सिंह, उनकी पत्नी, बहनोई और करीब 9 साल का बच्चा झुलस गया।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि जिस समय घर में आग लगी तो जोरदार ब्लास्ट हुआ और उसकी आवाज दूर तक गई। धमाके की आवाज सुनकर लोग मौके पर दौड़े और दमकल विभाग एवं पुलिस को सूचित करते हुए घर में मौजूद चारों लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि गैस का सिलेंडर पहले से ही लीक था। गैस का चूल्हा जलाते वक्त ही घर में आग लग गई।
एसीपी इंदिरापुरम ने बताया कि पुलिस को करीब सुबह 7:15 बजे वंदना एन्क्लेव बिहारी कॉलोनी में स्थित एक मकान में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। तत्काल प्रभाव से दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। सभी घायलों को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button