48 हजार करोड़ रुपये का बजट पेश, इंफ्रा प्रोजेक्ट्स और मुंबई 3.0 को मिलेगी रफ्तार, 87 प्रतिशत राशि होगी खर्च

एमएमआरडीए ने 48,072 करोड़ रुपये का सरप्लस बजट पेश करते हुए 87 प्रतिशत राशि इंफ्रास्ट्रक्चर, मेट्रो विस्तार और मुंबई 3.0 विकास परियोजनाओं पर खर्च करने की घोषणा की है।

कांती जाधव/मुंबई ब्यूरो। मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने वर्ष 2017-18 के बाद पहली बार सरप्लस बजट पेश किया है। सोमवार को 48,072.57 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत करते हुए वित्तीय मजबूती और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को नई गति देने पर जोर दिया गया। इस बजट की 87 प्रतिशत राशि विभिन्न विकास परियोजनाओं पर खर्च की जाएगी। पिछले तीन वर्षों के वित्तीय अनुशासन और सतत प्रयासों के कारण वर्ष 2024-25 में 7,468 करोड़ रुपये के घाटे वाले बजट को चालू वित्तीय वर्ष में अधिशेष (सरप्लस) में बदलने का लक्ष्य रखा गया है।
17 लाख रुपये का सरप्लस अनुमानित
48,072.57 करोड़ रुपये की अनुमानित आय और 48,072.40 करोड़ रुपये के प्रस्तावित व्यय के साथ 17 लाख रुपये के सरप्लस का अनुमान है। यह अधिशेष भूमि के बेहतर उपयोग, अर्बन ट्रांसपोर्ट फंड (यूटीएफ) की मजबूती, परियोजना-आधारित राजस्व में वृद्धि, अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों और वित्तीय संस्थाओं से जुटाई गई पूंजी का परिणाम बताया गया है।
विकास परियोजनाओं के लिए 42 हजार करोड़
कुल 42,026.14 करोड़ रुपये (87.42%) विकास योजनाओं और परियोजनाओं के लिए निर्धारित किए गए हैं। वित्त वर्ष 2026-27 का प्रस्तावित बजट 2025-26 के संशोधित अनुमान 30,316.18 करोड़ रुपये की तुलना में 58.57% अधिक है, जबकि प्रस्तावित व्यय पिछले वर्ष के 31,313.13 करोड़ रुपये से 53.52% ज्यादा है।
एमएमआरडीए के अध्यक्ष एवं राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की उपस्थिति में एमडी डॉ. संजय मुखर्जी ने बजट प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसे 2017-18 के बाद पहला सरप्लस बजट बताते हुए महत्वपूर्ण उपलब्धि कहा।एकनाथ शिंदे ने कहा कि बजट का 87 प्रतिशत हिस्सा परियोजनाओं के लिए निर्धारित होने से पूरे एमएमआर क्षेत्र को ग्रोथ हब बनाने में मदद मिलेगी। डॉ. संजय मुखर्जी ने कहा कि यह बजट वित्तीय अनुशासन और संतुलित पूंजी प्रबंधन का परिणाम है।

प्रमुख आवंटन (संक्षेप में)

सुरंग और कनेक्टिविटी परियोजनाएं

  • ऑरेंज गेट-मरीन ड्राइव भूमिगत सुरंग: 1,250 करोड़
  • ठाणे-बोरीवली भूमिगत सुरंग: 3,029.51 करोड़
  • मुंबई इंटीग्रेटेड टनल (BWSL-BKC-HSR-T2): 1,189 करोड़
  • कुल आवंटन: 5,543.51 करोड़ रुपये

सड़क कॉरिडोर और मल्टी-रिंग रोड

एमटीएचएल लिंक, ठाणे कोस्टल रोड, वर्ली-शिवड़ी एलिवेटेड कॉरिडोर, मुंबई-वधावन एक्सप्रेसवे कॉरिडोर, ईस्टर्न फ्रीवे विस्तार सहित कई परियोजनाओं के लिए हजारों करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

मुंबई 3.0 को रफ्तार

  • केएससी न्यू टाउन: 4,000 करोड़
  • रायगढ़ पेन ग्रोथ सेंटर: 500 करोड़
  • खारबाव इंटीग्रेटेड बिजनेस पार्क: 100 करोड़

एकीकृत मेट्रो नेटवर्क

एमएमआर क्षेत्र में मेट्रो विस्तार के लिए कुल 13,838.88 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसमें मेट्रो लाइन 2ए, 2बी, 4, 5, 6, 7, 9, 10, 12, 13 और 14 शामिल हैं।

सोशल और शहरी इंफ्रा

झुग्गी पुनर्विकास, रेंटल हाउसिंग, जल आपूर्ति योजनाएं, ग्रीन एमएमआर, इंदु मिल स्थित भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर स्मारक और बालासाहेब ठाकरे राष्ट्रीय स्मारक के लिए भी बजट आवंटित किया गया है।

आय के स्रोत

  • भूमि बिक्री: 11,177.95 करोड़
  • अर्बन ट्रांसपोर्ट फंड: 6,368.42 करोड़
  • कर्ज: 23,711.16 करोड़
  • राज्य अधीन ऋण: 3,520 करोड़
  • सरकारी अनुदान व टीडीआर: 1,189.14 करोड़
  • अन्य स्रोत (ग्राउंड रेंट, ब्याज आदि): 1,664.19 करोड़ रुपये

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button