क्रिकेट की नॉलेज नहीं पर आईपीएल से एक झटके में कमाए थे 3.5 लाख, ईडी की रडार पर यूट्यूबर अनुराग द्विवेदी

उन्नाव/उत्तर प्रदेश। कभी गांव की पगडंडियों मे साइकिल से चलने वाले वाले 26 वर्षीय यूट्यूबर अनुराग द्विवेदी का कहना है कि क्रिकेट और आईपीएल की जो नॉलेज हमें आज है अगर वह पहले होती तो हम मुकेश अम्बानी को नौकरी पर रख लिए होते। यह बात उन्होंने एक पॉड कास्ट में कही थी। कुछ ही सालों मे फर्श से अर्श तक पहुंचने वाले करोड़ों अरबों की सम्पत्ति अर्जित करने वाले अनुराग द्विवेदी अब ईडी की रडार पर है। ईडी पता लगाना चाहती है कि अनुराग द्विवेदी ने कैसे यह सम्पत्ति अर्जित की है और इसका आधार क्या है।
इसी कड़ी में ईडी ने बुधवार को एक साथ अनुराग के कई ठिकानों पर एक साथ छापमारी की है। इस दौरान ईडी के द्वारा कई लग्जरी गाड़ियों, कैश और कागजात को जब्त करने की सूचना है।
अनुराग ने एक पॉडकास्ट के दौरान बताया कि 2007 से पहले उनको क्रिकेट का कोई ज्ञान नहीं था और न ही वह क्रिकेट देखते थे। अनुराग का कहना था कि 2007 मे युवराज सिंह ने 6 छक्के मारे थे। उस समय हमारे पापा के पास नोकिया का फोन था और हमारे घर में कलर टीवी तक नहीं थी।
अनुराग बोले, 2007 के बाद हमें क्रिकेट का शौक पैदा हुआ और धीरे धीरे क्रिकेट देखने लगे। 2011 में हुए विश्वकप में हमने सेमीफाइनल और फाइनल मैच सीरियस होकर देखा उसके बाद 2013 में आईपीएल आ गया तो अगल-बगल के लड़के हमसे पूछने आने लगे कि इस मैच मे क्या होगा? कौन जीतेगा और कौन हारेगा। तब हम जो भी बताते वही सही होता था जिसको लेकर हमें कान्फिडेंस होने लगा।
अनुराग ने बताया कि हमारे मित्र संजीव ने ड्रीम 11 के बारे में बताया, तो हम सौ दो सौ रुपए फिर दो तीन हजार रुपए से ड्रीम 11 खेलने लगे। पहले कुछ हार गए और कुछ जीते भी। इस तरह 2017 में हमने आईपीएल के 6 मैच खेले और उसमें 3.50 लाख रुपए जीत गए। इसके बाद यह सिलसिला चलता रहा और हम बुलंदियों पर पहुंचने लगे।
अनुराग ने बताया कि एक कहावत है कि अक्सर लोग कहते हैं की बाप के पैसे से मौज मार रहे हो लेकिन तब हमारे पापा लोगों से कहते थे हम बेटे के पैसों से मौज कर रहे हैं। उस समय हमारे परिवार को कहीं जाना होता तो हम सब किराए की गाड़ी से आते जाते थे। लेकिन जब पैसे आए तो सबसे पहले हमने मारुती स्विफ्ट कार खरीदी उसके बाद बीएमडब्ल्यू। आज हमारे पास फरारी, मर्सिडीज़, लैंबॉर्गिनी, डिफेंडर आदि सहित कई महंगी और लग्जरी गाड़ियां हैं।
1999 मे जन्म लेने वाले अनुराग आज फेंटेसी क्रिकेट एक्सपर्ट और एनालिस्ट है। 26 वर्षीय अनुराग द्विवेदी फैंटेसी स्पोर्ट्स प्लेटफार्म बनाया और सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को फेंटेसी क्रिकेट खेलने के लिए प्रेरित भी करता था। इसके अलावा वह ड्रीम 11, एमपीएल, माई सर्किल ऐप के प्रमोटर और कंटेंट क्रिएटर हैं। आइपीएल में सीधे पैसा न लगाकर बल्कि अपनी लोकप्रियता और ब्रांड सहयोग के जरिए करोड़ों रुपये कमाते हैं।
![]()




