बरेली में अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, चार तस्कर गिरफ्तार; पाकिस्तानी इंस्टाग्राम हैंडलर से संपर्क का दावा

यूपी के बरेली में पुलिस ने हथियारों के 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है। सभी तस्कर पाकिस्तान हैंडल के संपर्क में थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बरेली पुलिस की गिरफ्त में तस्कर

बरेली,उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के बरेली में पुलिस ने अवैध हथियार बनाने और उनकी सप्लाई करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, बरेली-बहेड़ी रोड किनारे स्थित एक खंडहर में अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से तमंचा, पिस्टल, राइफल और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले अधबने पुर्जे बरामद किए हैं। जांच में आरोपियों के पाकिस्तानी इंस्टाग्राम हैंडलर से संपर्क में होने और हथियारों की बिक्री को लेकर बातचीत किए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस इस संपर्क और कथित नेटवर्क की गहराई से पड़ताल कर रही है।

पुलिस के अनुसार, बहेड़ी रोड के किनारे एक खंडहर में अवैध हथियार बनाने की सूचना मिलने पर टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखराज सिंह निवासी ग्राम सिकपुरा भोजपुर जोगीठेर, बहेड़ी; शानू मियां निवासी ग्राम पचपेड़ा, बहेड़ी; जीवनदीप सिंह निवासी ग्राम स्वालेनगर, बिलासपुर, रामपुर और जसनूर सिंह निवासी ग्राम मैनाकोट, माधौटांडा, पीलीभीत के रूप में हुई है।

पुलिस ने मौके से एक तमंचा, नौ एमएम की एक पिस्टल, एक राइफल, दो अधबनी नाल, चार मोबाइल फोन और हथियार बनाने से संबंधित अन्य अधबने सामान बरामद करने की जानकारी दी है। पुलिस का दावा है कि खंडहर में हथियार तैयार किए जा रहे थे और आरोपियों का उद्देश्य उनकी सप्लाई करना था।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर इंस्टाग्राम के जरिए पाकिस्तान के हैंडलर अजमल गुर्जर से संपर्क होने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप के माध्यम से हथियारों की सप्लाई और बिक्री को लेकर बातचीत की गई थी। इस डिजिटल संपर्क से जुड़े साक्ष्यों की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बातचीत का वास्तविक उद्देश्य क्या था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है या नहीं।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में इशरत पहलवान का नाम भी सामने आया है, जो पहले हथियार तस्करी के एक मामले में जेल जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों ने उससे असलहा लेने की बात कही है। फरार दोनों आरोपियों के भी उससे जुड़े होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश के साथ हथियारों की खरीद-फरोख्त, आपूर्ति के संभावित ठिकानों और सोशल मीडिया के जरिए बनाए गए संपर्कों की जांच कर रही है। पाकिस्तानी हैंडलर से कथित संपर्क और हथियार तस्करी के अंतरराष्ट्रीय संबंधों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button