कौशाम्बी में भूजल सप्ताह का समापन, जल संरक्षण के प्रति लोगों को किया गया जागरूक

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ

कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश। जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में 16 जुलाई से 22 जुलाई 2026 तक जनपद में भूजल सप्ताह का आयोजन किया गया। सप्ताह भर चले इस अभियान के दौरान आमजन को भूजल संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान में बेसिक शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, लघु सिंचाई विभाग एवं कृषि विभाग ने सक्रिय भागीदारी निभाई। जनपद के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने जल संरक्षण की शपथ ली तथा जागरूकता रैली, निबंध लेखन और चित्रकला प्रतियोगिताओं के माध्यम से पानी की प्रत्येक बूंद को बचाने का संदेश दिया।
भूजल सप्ताह के दौरान ग्राम एवं विकासखंड स्तर पर खंड विकास अधिकारियों की ओर से जल संरक्षण से संबंधित कार्यशालाओं और व्याख्यानों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में वर्षा जल संचयन, भूजल रिचार्ज और जल के विवेकपूर्ण उपयोग के विभिन्न उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई और लोगों को जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।
समापन अवसर पर 22 जुलाई को जनपद स्तर पर पेयजल, स्वच्छता एवं जलजनित बीमारियों से बचाव विषय पर जनजागरूकता कार्यशाला और जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप मुख्य चिकित्साधिकारी ने दूषित जल से होने वाली बीमारियों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी।
इस दौरान उपायुक्त श्रम एवं रोजगार ने उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई और जनपद में जल संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए प्रत्येक व्यक्ति से पानी की हर बूंद को बचाने और उसका विवेकपूर्ण उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
प्रशासन का कहना है कि इस प्रकार के जागरूकता अभियान से लोगों में जल संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ेगी और भविष्य में जल संकट से निपटने में मदद मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button