दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल के घर पर तोड़फोड़, हमलावर गिरफ्तार

दिल्ली ब्यूरो। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल के घर पर हमला किया गया और सोमवार को उनकी और उनकी मां की कारों में तोड़फोड़ की गई। मालीवाल ने ट्वीट किया कि किसी ने उनके घर में घुसने की कोशिश की और उनके आवास पर खड़े वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया और घटना के समय वह और उनकी मां घर पर मौजूद नहीं थे। उन्होंने पोस्ट में दिल्ली पुलिस के हैंडल को टैग किया। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालिवाल ने दावा किया है कि उनके उत्तरी दिल्ली स्थित आवास पर हमला किया गया है। अब इस हमले के आरोपी का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में आरोपी थाने के अंदर अजीब हरकतें करता नजर आ रहा है। दरअसल स्वाति मालिवाल के घर पर हमले और तोड़फोड़ की सूचना पर पुलिस वहां पहुंची थी। शुरुआती छानबीन के बाद पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा है। बताया जा रहा है कि आरोपी की पहचान सचिन के तौर पर हुई है। इस हमले को लेकर पुलिस ने बताया है कि पुलिस स्टेशन में सूचना मिली थी कि एक शख्स ने गाड़ियों में तोड़फोड़ की है और अभी स्वाति मालिवाल के घर में है। वहां पहुंचने के बाद पुलिस को वहां एक शख्स मिला।
पुलिस ने उसकी पहचान सचिन के तौर पर की है। दो कारों में तोड़फोड़ की गई थी। कार के शीशे टूटे हुए थे। स्वाति मालिवाल घर में नहीं थीं और परिवार के अन्य सदस्य भी घर में मौजूद नहीं थे। पुलिस का कहना है कि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपी सचिन का जो वीडियो सामने आया है उसमें वो थाने के अंदर खुद ही कुछ गुनगुनाते हुए नाचता नजर आ रहा है।इससे पहले स्वाति मालिवाल ने खुद ट्वीट कर इस हमले की जानकारी दी थी। उन्होंने कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा था, ‘अभी कुछ देर पहले मेरे घर पर कोई हमलावर घुस आया और उसने हमला किया। मेरी और मेरी माँ की गाड़ी बुरी तरह से तोड़ दी और घर में घुसने की कोशिश की। शुक्र है मैं और मेरी माँ दोनो घर पे नहीं थे, वरना पता नहीं क्या होता! कुछ भी करलो, मैं डरूँगी नहीं। @DelhiPolice को कम्प्लेन कर रही हूँ।’
बता दें कि इससे पहले स्वाति मालीवाल ने बताया था कि उन्हें सोशल मीडिया पर उन्हें दुष्कर्म की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने इसकी शिकायत दिल्ली पुलिस से की है। स्वाति मालीवाल का आरोप है कि जब से उन्होंने फिल्म प्रोड्यूसर और बिग बास प्रतिभागी साजिद खान के खिलाफ आवाज उठाई है, तब से उन्हें धमकियां मिल रही है। दरअसल स्वाति मालिवाल बिग बॉस सीजन 16 से साजिद खान को बाहर किये जाने की मांग उठा रही हैं। उन्होंने कहा था कि साजिद पर #MeToo मूवमेंट के दौरान कई लड़कियों ने यौन शोषण के आरोप लगाए थे। स्वाति मालिवाल का कहना है कि यौन शोषण के आरोपी को टीवी के इतने चर्चित शो में नहीं रखना चाहिए। उन्होंने साजिद खान को बिग बॉस के घर से निकाले जाने को लेकर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को खत भी लिखा था।




