गोगी गिरोह के बदमाशों की हत्या की साजिश नाकाम, टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के दो शूटर गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के दो शूटरों जतिन और विनय मान को गिरफ्तार किया है। ये बदमाश विदेश से मिल रहे निर्देशों पर गोगी गिरोह के सदस्यों की हत्या की साजिश रच रहे थे।

नई दिल्ली। रोहिणी कोर्ट में गैंगवार में मारे गए कुख्यात गैंगस्टर जितेंद्र उर्फ गोगी गिरोह के बदमाशों की हत्या की साजिश रच रहे टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के दो शूटरों को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुल्तानपुरी निवासी जतिन और अलीपुर निवासी विनय मान उर्फ बिट्टू के रूप में हुई है। इनके कब्जे से दो पिस्टल, सात कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
स्पेशल सेल के डीसीपी नारा चैतन्य ने बताया कि संगठित अपराध के खिलाफ लगातार कार्रवाई के तहत जबरन वसूली, टारगेटेड किलिंग और गैंगवार में शामिल गिरोहों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इसी दौरान जानकारी मिली कि विदेश में बैठे टिल्लू गिरोह के बदमाशों ने अपने गुर्गों को गोगी गिरोह के सक्रिय सदस्यों को निशाना बनाने का काम सौंपा है।
पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय कर एक महीने तक लगातार निगरानी की और उन सदस्यों की पहचान की जो हमले के लिए रेकी कर रहे थे। आठ जून को जतिन को एक पिस्टल और पांच कारतूस के साथ पकड़ा गया, जब वह गोगी गिरोह के एक सदस्य को निशाना बनाने जा रहा था। उसकी निशानदेही पर हरिद्वार से विनय मान को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से एक रिवाल्वर और दो कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में सामने आया कि गोगी गिरोह ने 2017 में विनय मान के पिता देवेंद्र सिंह की हत्या कर दी थी। इसके बाद विनय ने टिल्लू ताजपुरिया से दोस्ती कर गोगी गिरोह से बदला लेने की ठानी। 2019 में उसने गोगी गिरोह के एक सदस्य पर हमला भी किया था, जिसमें वह गिरफ्तार हुआ और बाद में जमानत पर रिहा हो गया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है। इनके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पूछताछ से गिरोह के काम करने के तरीके और संगठित अपराध नेटवर्क के ढांचे के बारे में अहम जानकारी मिली है। आरोपियों ने बताया कि वे विदेश में बैठे गिरोह के सरगना से एन्क्रिप्टेड प्लेटफार्म के जरिए संपर्क में रहते थे और उन्हीं से विरोधी गिरोह के सदस्यों को खत्म करने के निर्देश मिलते थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button