बाइडन, पुतिन, शी जिनपिंग,जी20 में आ रहे वीवीआईपी के लिए दिल्ली के होटलों में कमरे बुक

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली का आईटीसी मौर्या अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के स्वागत के लिए तैयार किया जा रहा है। G20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए आ रहे अमेरिकी राष्ट्रपति के लिए इस फाइव स्टार होटल के 400 से अधिक कमरे बुक किए जा चुके हैं। होटल के महलनुमा ग्रैंड प्रेजिडेंशल स्वीट में अमेरिकी राष्ट्रपति और दूसरे कमरों उनके साथ आने वाले तमाम अधिकारी और दूसरे गेस्ट रहेंगे।
आईटीसी मौर्या में रुकेंगे बाइडन
सूत्रों ने बताया कि अब तक की तैयारियों के हिसाब से पूरा आईटीसी मौर्या अमेरिकी राष्ट्रपति के लिए बुक किया गया है। इस होटल में G20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने आ रहे अमेरिकी राष्ट्रपति के अलावा एक और देश को भी शामिल किया गया है। मौर्या में पहले भी पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू. बुश, बिल क्लिंटन, बराक ओबामा और विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्ष रुके हैं। अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों ने राष्ट्रपति के लिए मौर्या को तरजीह दी। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने होटल की सुरक्षा का जायजा लेना भी शुरू कर दिया है। राष्ट्रपति की खास कारों का काफिला भी दिल्ली आएगा।
ताज में रुकेंगे शी चिनफिंग
चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के लिए आईटीसी मौर्या के पास वाले ताज को बुक किया गया है। इस होटल के अधिकतर कमरों को चीनी राष्ट्रपति और उनके सहयोगियों के लिए बुक किया गया है। इसी होटल में चीन के अलावा UAE और ब्राजील से आए मेहमान भी रुकेंगे।
ऋषि सुनक शंगरी-ला में
होटल शंगरी-ला के मेहमान होंगे ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक। इसी होटल में जर्मनी के मेहमान रुकेंगे। अब तक की तैयारियों के हिसाब से दिल्ली से बाहर भी एक देश के प्रमुख की मेहमानवाजी का इंतजाम किया जा रहा है। इसमें गुरुग्राम के होटल ओबेरॉय में साउथ कोरिया के मेहमान का स्वागत किया जाएगा।
यहां रुकेंगे फ्रांस के राष्ट्रपति
दिल्ली का होटल क्लैरिजस फ्रांस के राष्ट्रपति के लिए बुक किया गया है। इस पूरे होटल में फ्रांस के राष्ट्रपति और उनके साथ आए सहयोगी रुकेंगे। होटल इंपीरियल ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री और उनके सहयोगियों के लिए बुक किया गया है। रूसी राष्ट्रपति के लिए होटल ओबेरॉय रखा गया है। इसी होटल में तुर्की से आए मेहमान भी रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button