ग्लोबल ह्यूमैनिटेरियन अवॉर्ड पाने वाले पहले एशियाई बने अनंत अंबानी
वन्यजीव संरक्षण के लिए मिला सम्मान

नई दिल्ली/एजेंसी। अमेरिका के मशहूर संस्थान ग्लोबल ह्यूमन सोसाइटी ने वन्यजीव संरक्षण केंद्र वंतारा के संस्थापक अनंत अंबानी को सम्मानित किया है। उन्हें ग्लोबल ह्यूमैनिटेरियल पुरस्कार से नवाजा गया है। यह खिताब जीतने वाले वो एशिया के पहले व्यक्ति बन गए हैं। गुजरात के जामनगर में स्थित वंतारा को दुनियाभर में पहचान मिल रही है। अनंत अंबानी के नेतृत्व में यहां दुनियाभर से अलग-अलग प्रजातियों के जानवरों को लाया जाता है, जिनका अस्तित्व खतरे में आ गया है। वंतारा उन सभी जानवरों के लिए सबसे सुरक्षित जगह बन चुकी है।
ग्लोबल ह्युमन सोसाइटी ने भी अनंत अंबानी की पहल की सराहना की है। वंतारा में बड़ी संख्या में जानवरों की जान बचाई जाती है। जानवरों के प्रति अनंत अंबानी की लगन और उनके काम ने भविष्य को नई दिशा दिखाने का काम किया है।
ग्लोबल ह्यूमन सोसाइटी की सीईओ डॉक्टर रॉबिन के अनुसार, वंतारा को ग्लोबल ह्यूमन सर्टिफिकेट मिल चुका है। यह न सिर्फ वंतारा में जानवरों की बेहतर देखभाल को दर्शाता है, बल्कि जानवरों को गरिमा के साथ रहने का भी अधिकार दिलाता है। अनंत अंबानी के विजन ने दुनिया में एक नई मिसाल कायम की है। डॉ. रॉबिन ने कहा- वंतारा एक बचाव केंद्र से कही ज्यादा है। वंतारा के पीछे की महत्वकांक्षा और दरियादिली ने आधुनिकता के इस युग में जानवरों की देखभाल के लिए शानदार उदाहरण पेश किया है।
कार्यक्रम के दौरान वंतारा के संस्थापक अनंत अंबानी ने कहा, “इस सम्मान के लिए मैं ग्लोबल ह्यूमन सोसाइटी को धन्यवाद देना चाहूंगा। मेरे लिए यह एक शाश्वत सिद्धांत है – सर्व भूत: हित:, जिसका अर्थ है कि सभी प्राणियों का कल्याण हो।”
अमेरिकन ग्लोबल ह्यूमन सोसाइटी की स्थापना 1977 में हुई थी। यह जानवरों के हितों के लिए काम करती है। 2010 में इस सोसाइटी ने डॉक्टर रॉबिन को अपना अध्यक्ष नियुक् किया था। इस संस्था ने अब तक करोड़ों जानवरों को नई जिंदगी देने का काम किया है।





