विश्व हाथी दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाथी के संरक्षण में लगे लोगों की सराहना की

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को विश्व हाथी दिवस पर इस वन्य जीव के संरक्षण में लगे लोगों की सराहना की और हाथियों के संरक्षण के लिए भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि भारत में एशियाई हाथियों की 60 प्रतिशत से अधिक आबादी रहती है और पिछले आठ सालों में हाथी अभयारण्यों की संख्या में इजाफा हुआ है। मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘विश्व हाथी दिवस पर हाथियों के संरक्षण की प्रतिबद्धता को दोहराता हूं। आपको यह जानकर खुशी होगी कि भारत में एशियाई हाथियों की 60 प्रतिशत आबादी रहती है। पिछले आठ सालों में हाथी अभयारण्यों की संख्या में भी वृद्धि हुई है।

हाथियों के संरक्षण में शामिल लोगों की भी मैं सराहना करता हूं।’’ प्रधानमंत्री ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि हाथियों के संरक्षण की सफलता को भारत में मानव और पशुओं के बीच टकराव को कम करने और पर्यावरणीय चेतना को आगे बढ़ाने के लिए स्थानीय समुदायों और उनके पारंपरिक ज्ञान के मिश्रण से किए जा रहे वृहद प्रयासों के नजरिए से अवश्य देखा जाना चाहिए। मालूम हो कि हर साल 12 अगस्त को मनाया जाने वाला विश्व हाथी दिवस एक अंतर्राष्ट्रीय वार्षिक कार्यक्रम है, जो दुनिया भर के हाथियों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए समर्पित है।

विश्व हाथी दिवस का लक्ष्य हाथी संरक्षण पर लोगों में जागरूकता पैदा करना और जंगली तथा पालतू हाथियों के बेहतर संरक्षण और प्रबंधन के लिए जानकारी और सकारात्मक समाधानों को साझा करना है। एशियाई हाथियों को संकटग्रस्त प्रजातियों की आईयूसीएन की रेड लिस्ट में ‘विलुप्तप्राय’ प्रजाति के रूप में सूचीबद्ध किया गया है। ऐसा भारत को छोड़कर अधिकांश हाथी वाले देशों के संदर्भ में किया गया है, जहां हाथियों के अनुकूल निवास स्थान की कमी और उनके अवैध शिकार के कारण उनकी संख्या में काफी कमी आई है। एक अनुमान के अनुसार, दुनिया में लगभग 50,000 से 60,000 एशियाई हाथी हैं। भारत में उन हाथियों की 60 प्रतिशत से अधिक आबादी रहती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button