गाजियाबाद में डॉक्टर के बाद अब मीडिया कर्मी को मिली ‘सर तन से जुदा’ करने की धमकी

गाजियाबाद। दिल्ली-एनसीआर समेत देश भर में हेट स्पीच के मामलों में थोड़ी कमी आई है तो अब सर तन से जुदा के नारे ने जोड़ पकड़ लिया है। ताजा मामला देश की राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद से सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, इंदिरापुरम कोतवाली क्षेत्र के मोहन मीकिंस, वसुंधरा सेक्टर पांच के मीडियाकर्मी निशांत आजाद को सर तन से जुदा करने की धमकी मिली है। अमेरिका के मोबाइल नंबर से उन्हें वाट्सएप पर धमकी भरा संदेश मिला है।
पीड़ित निशांत आजाद के मुताबिक, संदेश उर्दू और अंग्रेजी में आया है। इसमें सर से तन जुदा करने की धमकी दी गई है। धमकी मिलने के बाबत उन्होंने मामले की इंदिरापुरम कोतवाली में शिकायत दी है। उसके आधार पर गाजियाबाद पुलिस ने भी रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर की है।
वहीं, मीडियाकर्मी निशांत आजाद को धमकी मिलने के बाबत पुलिस क्षेत्राधिकारी इंदिरापुरम अभय कुमार मिश्र ने बताया कि पुलिस अधीक्षक नगर द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह, साइबर सेल और स्थानीय पुलिस की टीम मामले की छानबीन कर रही है। जल्द ही घटना का राजफाश कर दिया जाएगा।
इससे पहले गाजियाबाद में सिहानी गेट थाना क्षेत्र के डाक्टर को अमेरिका के नंबर से सिर तन से जुदा करने की धमकी मिली थी। काल करने वाले आरोपित ने डाक्टर को वाट्सएप काल करके हिंदू संगठनों का समर्थन करने पर कन्हैया लाल और डाक्टर उमेश जैसा अंजाम भुगत लेने की बात करते हुए धमकी दी थी।
यहां पर बता दें कि कुछ महीने पहले भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता नूपुर शर्मा को भी सर तन से जुदा करने की धमकी मिली थी। इसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसके बाद से लगातार कट्टरपंथी सोच के लोग सर तन से जुदा की धमकी लगातार दे रहे हैं। गौरतलब है कि नुपुर शर्मा ने एक टेलीविजन डिबेट के दौरान पैगंबर मोहम्मद पर तथाकथित रूप से विवादास्पद टिप्पणी की थी। इसके बाद उन्हें इस तरह की धमकी दी गई थी।




