जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इंटरनेट यूजर्स और पत्रकारों के लिए जारी की एडवाइजरी
जिम्मेदारी बरतने की सलाह

जम्मू/एजेंसी। पुलिस मीडिया सेल बारामुला ने रविवार को एक एडवाइजरी जारी कर मीडिया संस्थानों, पत्रकारों, इंटरनेट मीडिया उपयोगकर्ताओं, डिजिटल प्लेटफार्म्स और आम नागरिकों से मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए अत्यधिक जिम्मेदारी बरतने की अपील की है।
जिला पुलिस बारामुला ने कहा है कि कानून-व्यवस्था या सार्वजनिक सभाओं से संबंधित किसी भी समाचार को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले आधिकारिक और विश्वसनीय स्रोतों से सत्यापित किया जाना अनिवार्य है। पुलिस ने चेतावनी दी कि अफवाहों, अप्रमाणित रिपोर्टों या अटकलों पर आधारित सामग्री का प्रसार अनावश्यक घबराहट पैदा कर सकता है और सार्वजनिक शांति भंग कर सकता है।
पुलिस ने मीडिया समुदाय से सनसनीखेज रिपोर्टिंग से परहेज करने और केवल आधिकारिक अपडेट्स पर ही भरोसा करने का अनुरोध किया है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि गलत सूचना या अफवाहें फैलाने में शामिल पाए जाने वाले व्यक्तियों या संस्थाओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला पुलिस ने जोर देकर कहा कि शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए जिम्मेदार रिपोर्टिंग और सूचना का साझा करना अत्यंत आवश्यक है। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की कि वे सकारात्मक सहयोग दें और क्षेत्र में शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने में योगदान दें।




