भागवताचार्य ने माता सीता और द्रौपदी पर की अभद्र टिप्पणी, लोगों ने फूंका पुतला

मथुरा,(उत्तर प्रदेश)। वृंदावन के एक भागवताचार्य का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में माता सीता और द्रौपदी को लेकर अभद्र टिप्पणी की गई है। कथा के दौरान भागवताचार्य अनिरुद्ध आचार्य ने माता सीता और द्रौपदी को अति से ज्यादा सुंदर होने के कारण मुसीबत मोल लेना बताया। व्यास गद्दी पर बैठकर उन्होंने कहा था कि सीता अति सुंदर होने के कारण रावण के मन में वासना जागी थी और रावण ने माता सीता का हरण किया था। कुमार विश्वास ने वायरल वीडियो पर ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया देकर भागवताचार्य को मूर्ख बताया है और धर्म के ठेकेदारों पर भी सवाल खड़े किए हैं। वहीं, रविवार को भागवताचार्य का आक्रोशित लोगों ने पुतला फूंका। साधु-संतों ने वृंदावन में अनिरुद्ध आचार्य के खिलाफ तहरीर दी है।
वायरल वीडियो पर भारत के जाने-माने कवि डॉ. कुमार विश्वास ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया। उन्होंने भागवताचार्य को अज्ञानी बताया। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है कि यह प्रचंड मूर्खता है। पर समस्या यह है कि हमारे तथाकथित धर्म-संस्कृति रक्षक भी इस पर कुछ नहीं बोलेंगे, क्योंकि उनकी भावनाएं भी अपने राजनीतिक खेमों पर ही आहत होती हैं।

अनिरुद्ध आचार्य के विवादित बयान वाले वीडियो के वायरल होने से अब घमासान छिड़ गया है। लोग उनके इस वीडियो पर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। जो भी भागवताचार्य के इस वीडियो को सुन रहा है, वो उनकी निंदा कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के बयान व्यास पीठ पर बैठकर किसी भागवत प्रवक्ता को शोभा नहीं देते हैं। हम इसका घोर विरोध और निंदा करते हैं।

वायरल वीडियो को लेकर भागवत प्रवक्ता अनिरुद्ध आचार्य से जब बात की गई तो उन्होंने कहा कि शास्त्रों में जो लिखा है, वही मैंने कहा है। अति किसी की भी सही नहीं होती हद से ज्यादा माता सीता और द्रौपदी सुंदर थीं। रावण ने उनकी सुंदरता को देखकर उका हरण किया था, क्योंकि रावण के मन में भी सीता की सुंदरता को देखकर वासना जाग गई थी। उन्होंने कुमार विश्वास को संस्कृत का अज्ञानी भी बता दिया। उन्होंने कहा कि कुमार विश्वास पहले संस्कृत पढ़ें, शास्त्रों को पढ़ें, तब इस पर चर्चा करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button