मुठभेड़ के बाद भाऊ गैंग के दो कथित शूटर गिरफ्तार, पैरों में लगी गोली

रोहतक सीआईए स्टाफ ने दिल्ली पुलिस के सहयोग से भाऊ गैंग के दो कथित शूटरों समीर और कुश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया।

रोहतक/हरियाणा। बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हिमांशु उर्फ भाऊ गैंग के दो कथित शूटरों को रोहतक सीआईए स्टाफ की टीम ने दिल्ली पुलिस के सहयोग से मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपितों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रिठाल गांव निवासी समीर और विजय नगर निवासी कुश के रूप में हुई है। दोनों के दिल्ली और रोहतक में आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में होने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद सीआईए टीम ने उनकी गतिविधियों पर निगरानी शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक बक्करवाला इलाके में संदिग्ध आरोपितों की गाड़ी दिखाई देने पर टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया। घेराबंदी के दौरान आरोपितों ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर गोलीबारी कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपित घायल हो गए। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों को मौके से काबू कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपितों के कब्जे से आधुनिक विदेशी हथियार बरामद होने का दावा किया गया है। पुलिस ने बरामद हथियारों को जांच के लिए कब्जे में ले लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्हें हथियार किसने उपलब्ध कराए थे और उनके संपर्क में गैंग के कौन-कौन से सदस्य हैं। पुलिस आरोपितों के आपराधिक नेटवर्क और संभावित वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस के मुताबिक समय रहते की गई कार्रवाई से संभावित हत्या और गोलीबारी की वारदात को रोकने में सफलता मिली है। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button