रक्षाबंधन पर महिलाओं को फ्री बस यात्रा का तोहफा, सीएम योगी ने किया बड़ा ऐलान

रक्षाबंधन पर महिला यात्रियों के लिए परिवहन व्यवस्था, चीनी की उपलब्धता, आगामी गन्ना पेराई सत्र तथा विद्यालयों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

लखनऊ/एजेंसी। रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की माताओं, बेटियों और बहनों को मुफ्त बस यात्रा का उपहार दिया है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और फील्ड में तैनात प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर रक्षाबंधन सहित प्रदेश में जलभराव, बाढ़, चीनी की उपलब्धता, आगामी गन्ना पेराई सत्र और विद्यालयों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में महिला यात्री एक सहयोगी के साथ मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर बहनें सुरक्षित और सुगमता से अपने घर पहुंच सकें, इसके लिए परिवहन, पुलिस और प्रशासन आपसी समन्वय से पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करें।
योगी आदित्यनाथ ने महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो दल को सक्रिय रखने तथा प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने रक्षाबंधन के मद्देनजर बस चालकों की जांच और निगरानी पर भी विशेष जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे का सेवन करने वाले किसी भी चालक को बस चलाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने निजी बसों के चालकों का सत्यापन कराने तथा ऑटो और टैक्सी चालकों का भी सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सभी प्रबंध किए जाएं। परिवहन और पुलिस विभाग आपसी समन्वय से यह सुनिश्चित करें कि रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और सुगम परिवहन उपलब्ध हो।
बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न मंडलों और जनपदों में जलभराव की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, मेरठ, सहारनपुर और गाजियाबाद के मंडलायुक्तों तथा नोएडा प्राधिकरण से जलभराव वाले क्षेत्रों और उसके कारणों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कहीं भी अनावश्यक जलभराव नहीं होना चाहिए। उन्होंने लो-लैंड क्षेत्रों को चिन्हित कर आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पम्पिंग स्टेशन स्थापित करने को कहा। जिन नालों में सिल्ट, कूड़ा या अन्य कारणों से पानी की निकासी बाधित है, उनकी तत्काल सफाई कराने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आमजन की सुविधाओं और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने के साथ ही प्रदेश में जलभराव और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मामलों पर भी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button